- Hindi News
- खो खो में कड़ाईमाल और बेडमिंटन में गनोड़ा विजेता
खो-खो में कड़ाईमाल और बेडमिंटन में गनोड़ा विजेता
बांसवाड़ा/गनोड़ा| सर्वशिक्षा अभियान की जिलास्तरीय केजीबीवी स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिताओं का समापन सोमवार को केजीबीवी गनोड़ा में हुआ।
जिलास्तरीय स्पर्धाओं के समापन के बाद अब संभागस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारी प्रारंभ हो गई हैं। इस बार संभागस्तरीय खेलकूद का आयोजन बांसवाड़ा जिले में होना प्रस्तावित है। एडीपीसी उमेश अधिकारी ने बताया कि जिले में 7 केजीबीवी स्कूलों से 235 बालिकाओं ने कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स के खेलों में भाग लिया था। तीन दिवसीय आयोजन केे समापन अवसर पर मुख्य अतिथि घाटोल ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नवीन मीणा, बीआरपी राजेंद्र बामणिया, प्रकाश जोशी, केजीबीवी प्रभारी साधना जैन और राजेंद्र पंचाल की अध्यक्षता में हुआ। वार्डन स्वप्ना व्यास ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया।
रस्साकसी में नौगामा ने बाजी मारी
स्थानीय प्रभारी अशोक निनामा ने बताया कि खो-खो में कड़ाईमाल ने पहला स्थान प्राप्त किया तो रस्साकसी में नौगामा की टीम पहले स्थान पर रही। कबड्डी में गनोड़ा प्रथम, नौगामा द्वितीय, खो-खो में कड़ाईमाल प्रथम और गनोड़ा द्वितीय, बेडमिंटन में गनोड़ा प्रथम और कड़ाईमाल द्वितीय, रस्साकस्सी में नौगामा प्रथम और कड़ाईमाल द्वितीय रहे। केजीबीवी की चैम्पियनशिप पर गनोड़ा ने कब्जा किया। इस मौके पर नरेश निनामा, शंकरलाल गायरी, योगेश पाटीदार, प्रमीला निनामा मौजूद थे। संचालन देवशंकर मेहता ने किया।
गनोड़ा केजीबीवी की प्रतियोगिता में पुरस्कार के साथ मौजूद छात्राएं और अतिथि।