- Hindi News
- परीक्षा सेंटर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं परेशान हुए प्रेक्टिकल देने आए अभ्यर्थी
परीक्षा सेंटर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं परेशान हुए प्रेक्टिकल देने आए अभ्यर्थी
घाटोल| राष्ट्रीयमुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान नई दिल्ली की ओर से कक्षा दसवीं बारहवीं की प्रायोगिक परीक्षा देने सोमवार को दूरदराज के क्षेत्र से कई अभ्यर्थी घाटोल पहुंचे। परीक्षा केंद्र को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से अभ्यर्थी दिनभर प्रवेश पत्र लेकर भटकते रहे और अंततः उन्हें परीक्षा दिए बिना ही वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार दसवीं बारहवीं कक्षा के परीक्षार्थी साइंस होम साइंस विषय की प्रायोगिक परीक्षा देने सोमवार सुबह प्रवेश पत्र पर उल्लेखित परीक्षा सेंटर राबाउमावि घाटोल पर पहुंचे। यहां परीक्षार्थियों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यालय में किसी भी प्रकार की परीक्षा होने को लेकर इंकार कर दिया गया। साथ ही यहां से उन्हे राउमावि जाने को कहा गया। इस पर सभी अभ्यर्थी एक-एक करके राउमावि पहुंचे। यहां पर भी उन्हें परीक्षा सेंटर नहीं होने उन्हें वहां से वापस राबाउमावि में जाने के लिए ही कहा गया। इन हालातों में असमंजस की स्थिति में अभ्यर्थी दोनों विद्यालयों के चक्कर ही काटते रहे। काफी प्रयासों के बाद भी परीक्षा स्थल की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई। इसके चलते परीक्षा को लेकर दिए गए निर्धारित समय सुबह 8 बजे विद्यालय पहुंचे अभ्यर्थी दोपहर बाद 2.30 से 3 बजे तक परेशान होकर वापस लौट गए।
इस संबंध में राउमावि के व्याख्याता अरूण व्यास पारसमल जैन ने इस परीक्षा के लिए विद्यालय के पास मौखिक अथवा लिखित किसी भी प्रकार की सूचना और परीक्षा सामग्री प्राप्त नहीं होने की जानकारी दी गई। वहीं, विद्यार्थियों ने बताया कि व्याख्याता व्यास ने उन्हे 20 सितंबर को पुनः प्रायोगिक परीक्षा होने की बात कही है। जबकि प्रवेश पत्र में 12 वीं कक्षा के होम साइंस विषय की प्रायोगिक परीक्षा की अंतिम तिथि 12 से 15 सितंबर दर्शाई गई है। ऐसे में राष्ट्रीय मुक्त शिक्षा संस्थान द्वारा इस परीक्षा को लेकर अपनाई गई प्रक्रिया सवालों के घेरे में है।
सोमवार को घाटोल के बाउमावि में परीक्षा देने आए अभ्यर्थी।