घाटोल.बांसवाड़ा. मूंगाणागांव में बारात की बस बिजली लाइन की चपेट में गई। घटना में बस की छत पर बैठे 10लोग झुलस गए। उन्होंने छत से कूदकर अपनी जान बचाई। सभी को झुलसने के साथ चोटें भी आई है। इनका इलाज महात्मा गांधी अस्पताल बांसवाड़ा में चल रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही।
बारातियों के चिल्लाने पर आसपास से सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए और कुछ देर के लिए मूंगाणा रोड बंद भी रहा।
मूंगाणा निवासी गोविंद पुत्र डूला की बारात बारीसिया तलाई से वापस घर लौट रही थी। इस दौरान बस में ज्यादा बाराती होने से दस लोग बस की छत पर ही बैठे गए। लेकिन बस के मंूगाणा मे आते ही 11केवी लाइन के तार छू गए। सभी लोग नीचे कूद गए। उस दौरान वह हल्के झुलस भी गए थे। उनको अधिक चोटें नीचे कूदने पर आई है।
कूदते ही बस रोक दी गई। सूचना मिलते ही सरपंच, सचिव और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बारातियों को बस से बाहर निकाला। इसी बीच जगपुरा चौकी प्रभारी अरविंद पाटीदार भी मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी वाहनों की मदद से बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया।
झूलते तारों पर आक्रोश: सरपंचनरेंद्र ताबियार और सचिव बाबूलाल ने बताया कि मूंगाणा में नीचे झूलते बिजली के तारों को लेकर विद्युत निगम को कई बार शिकायत की जा चुकी है। साथ ही प्रशासन को भी इस समस्या को लेकर ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अगर समय रहते विभाग नहीं चेता तो आने वाले समय में इससे भी बड़ी घटना हो सकती है।
10 जने हुए घायल
चौकी प्रभारी अरविंद पाटीदार ने बताया इस हादसे में 10 जने घायल हुए। इसमें गोविंद पुत्र अर्जुन, हरीश पुत्र खातु, कमलेश पुत्र धनजी, मुकेश पुत्र भाणजी, वेलजी पुत्र बदा, दिनेश पुत्र रावजी, कालिया पुत्र लालजी, अल्पेश पुत्र अर्जुन, रामा पुत्र रावजी और गोविंद पुत्र सोमा का एमजीएच बांसवाड़ा में इलाज चल रहा है।