- Hindi News
- सरपंच ने अपने ही कार्यकाल में कराए कार्यों की जांच कराने सौंपा ज्ञापन
सरपंच ने अपने ही कार्यकाल में कराए कार्यों की जांच कराने सौंपा ज्ञापन
घाटोल|चंदूजी कागड़ा की सरपंच द्वारा अपनी ही ग्राम पंचायत में पिछले 5 वर्षों में कराए गए विभिन्न कार्यों और रिकाॅर्डों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। इस मामले का खुलासा वार्ड पंचों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में सरपंच विठलीदेवी के हस्ताक्षर मोहर होने से हुआ है। इसे लेकर गुरुवार को एसडीओ अमृतलाल डामोर को ज्ञापन दिया है।
ज्ञापन में नरेगा कार्यों के तहत 17.36 लाख की लागत वाली खरंजा सड़कों का कार्य अधूरा रहने, लेबर पेमेंट नहीं कराने, 11.19 लाख की सिंचाई नाली निर्माण कार्य अधूरा रहने, बीआरजीएफ योजनांतर्गत 11.60 लाख की दो सीसी सड़कें, श्मशान घाट का काम 6 माह से अधूरा होने के साथ ही अन्य कई शिकायतें की गई है। ज्ञापन में सचिव जगदीश सुथार पर पिछले तीन माह से परेशान करने, सचिव द्वारा पट्टा जारी करने बीपीएल आवास का लाभ देने के बदले रिश्वत लेने और मनमर्जी से 24 सौर ऊर्जा के पोल लगाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। ज्ञापन में ग्राम पंचायत में 31 अक्टूबर 2010 से अब तक के कार्योें के रिकाॅर्ड सीज कर कार्यों की जांच कराने और भुगतान उठाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। ज्ञापन में सरपंच विठली, वार्डपंच कांतिलाल, फलेश, धीरजमल, कसरी, कली के हस्ताक्षर हैं।
जबरदस्तीहस्ताक्षर मुहर लगाई : इसमामले में ग्राम पंचायत सरपंच विठली से संपर्क नहीं हो सका। मोबाइल पर पति नाकू ने कहा कि मैं सरपंच बोल रहा हूं। वार्डपंचों ने सरपंच के हस्ताक्षर जबरन कराते हुए मुहर लगा दी है और ज्ञापन एसडीओ को दे दिया है। इस संबंध में उन्हे कोई जांच नहीं करानी है शिकायत करने के लिए उनकी ओर से वार्डपंचों को भी मना किया गया था।