पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • घाटोल में धूल भरी आमराह

घाटोल में धूल भरी आमराह

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कस्बेसे गुजर रहे एनएच 113 पर इन दिनों सड़क किनारे के व्यापारी, रहवासी और राहगीर दिनभर वाहनों की आवाजाही से उड़ती हुई धूल फांकने को मजबूर हो रहे हैं। पिछले 13 सितंबर को इस मार्ग पर गड्ढों को पाटने डाली गई गिट्टी और मिट्टी के बाद से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

कस्बे से निकलने वाले इस मार्ग पर सरपट गुजरने वाले वाहनों के पीछे से धूल के गुबार बन रहे हैं। जिससे लोगों की सांसों में धूल जा रही है। धूल इतनी उड़ती है कि कई बार तो काफी दूरी तक कुछ नजर भी नहीं आता है। वहीं, धूल के कारण व्यवसायी तो अपनी दुकान पर मास्क या कपड़ा बांधकर बैठने को मजबूर हो रहे हैं। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रखे सामान पर भी धूल की परतें जम जाती है। ऐसे में व्यवसायियों को हर आधे से एक घंटे के भीतर सिर्फ सामान पर से धूल को साफ करना पड़ता है, बल्कि पूरे प्रतिष्ठान में सफाई भी करनी पड़ती है। इस परेशानी के चलते कई लोग सड़क पर अपने प्रतिष्ठान के बाहर और घर के सामने दिन में कई बार पानी छांटकर धूल को उड़ने से रोकने का जतन करते देखे जा सकते हैं। इन हालातों में कस्बेवासी यहां तक कहने लगे हैं कि इससे तो पहले की उबड़-खाबड़ सड़क ही अच्छी थी, जिस पर कम से कम धूल तो नहीं उड़ती थी।

एनएच 113 प्राधिकरण के अधिकृत ठेकेदार द्वारा पिछले 13 सितंबर की रात को कस्बे मे गड्ढों को पाटने के लिए मिट्टी मिश्रित गिट्टी का कच्चा मटेरियल डाला गया था। मटेरियल इस तरह से डाला गया कि मिट्टी पूरी सड़क पर फैल गई है। जो यहां से गुजरने वाले हर वाहन के साथ उड़ती है।

समस्या के चलते जहां दुकानदारों का सामान खराब हो रहा है, वहीं लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। लोगों को श्वास और त्वचा से संबंधित रोगों का डर भी सता रहा है। कस्बेवासियों ने एनएच प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों से इस समस्या से जल्द छुटकारा दिलाने की मांग की है।

घाटोल कस्बे से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर दिनभर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। यहां सड़क भी उधड़ चुकी है।