537 बालिकाओं को कल मिलेगा गार्गी पुरस्कार
बांसवाड़ा। माध्यमिकशिक्षा बोर्ड परीक्षा 2015 की 10वीं कक्षा में 75 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं को गार्गी 12वीं की बालिकाओं को बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार शुक्रवार को बसंत पंचमी पर दिए जाएंगे। समारोह में 13 बालिकाओं को इंदिरा प्रियदर्शिनी पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक ने बताया कि जिले में आनंदपुरी, गांगड़तलाई, बागीदौरा की 86 बालिकाओं को राउमावि बागीदौरा में आयोजित समारोह में पुरस्कार दिए जाएंगे। बांसवाड़ा तलवाड़ा की 183 बालिकाओं को राबाउमावि चंद्रपोल बांसवाड़ा के सानिध्य में कुशलबाग के सामने स्थित रंगमंच पर समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। गढ़ी अरथूना की 178 बालिकाओं को राउमावि गढ़ी, घाटोल की 60 बालिकाओं को राउमावि घाटाेल और कुशलगढ़ एवं सज्जनगढ़ की 30 बालिकाओं को राउमावि कुशलगढ़ में आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया सभी स्थानों पर समारोह सुबह 9.30 बजे से आयोजित किए जाएंगे। जिन बालिकाओं ने अब तक आवेदन पत्र जमा नहीं करवाए हैं, वे शुक्रवार को आयोजन स्थल पर ही जमा करवा सकती है। उन्हें प्राप्ति रसीद के साथ अंकतालिका की फोटोकॉपी, आधार कार्ड भामाशाह कार्ड की प्रतिलिपि लगानी है।