किशोरी से दुष्कर्म के फरार बंदी की मौत
भास्कर संवाददाता|बांसवाड़ा/घाटोल
एककिशोरी से ज्यादती करने के प्रकरण में उदयपुर जेल का विचाराधीन कैदी पेरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए वह गुजरात चला गया। वहां पर 6 महीने तक पुलिस से तो बचता रहा, लेकिन आखिरकार कुदरत ने ही उसे अपने कर्मों की सजा दे दी। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी घाटोल के दौतलसिंह का गढ़ा निवासी हिस्ट्रीशीटर हरदु मईड़ा की मौत हो गई।
खमेरा थानाप्रभारी बाबूलाल मुरारिया ने बताया कि 30 वर्षीय हरदू 30 अगस्त 015 को उदयपुर से पेरोल पर आया था। इसकी मियाद खत्म होने के बाद भी वह उदयपुर जेल नहीं लौटा और गुजरात में जाकर काम करने लग गया था। इसी बीच उसकी तबीयत खराब होने पर तीन दिन पहले ही अचानक गांव लौट आया।
सोमवार रात उसका भाई उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी सांसें थम गई। हरदू खमेरा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर था। 2012 में बांसवाड़ा के एडीजे कोर्ट ने उसे एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में सजा सुनाई थी। इसके बाद से वे उदयपुर जेल में सजा काट रहा था। उसे पारिवारिक कारणों से एक माह की पैरोल मिली थी।