गुलाबपुरा। बराना चौराहे पर चंबल पेयजल योजना के वाटर पंप प्रोजेक्ट से 30 जनवरी की रात सरिए लूटने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इनसे पूछताछ में लूट की और भी वारदातें खुलने की संभावनाएं है।
थानाधिकारी अरविंद सिंह चारण ने बताया कि तीस जनवरी की रात लुटेरों ने चंबल पेयजल परियोजना के निर्माणाधीन स्थल से बालाजी सिक्यूरिटी कंपनी के चौकीदार मोहनलाल खटीक निवासी बहादुरपुरा दो अन्य मजदूरों को बंधक बना उनके साथ सरियों लाठियों से मारपीट की। बाद में उनकी जेब से छह हजार रुपए
मोबाइल छीनने के साथ ही वहां रखे सरिए सामान पिकअप में भर ले गए।
पुलिस ने मौके पर मिले सबूतों के आधार पर सोमवार को गुलाबपुरा चौराहा से कमलेश पुत्र किशन लाल बैरवा निवासी जयपुर, पांचू पुत्र छोटू माली दीपक पुत्र रामेश्वर दरोगा निवासी फूलिया कलां तथा रईस अहमद पुत्र आलम अली देशवाली निवासी अजमेर को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में कई वारदातें खुलने की संभावना है।
वारदात के बाद गठित टीम ने सबूतों के आधार पर आरोपियों की जयपुर, अजमेर भीलवाड़ा जिले में कई जगह दबिश देकर आरोपियों को ढूंढ निकाला। वारदात स्थल पर कमलेश बैरवा का पहचान कार्ड मिला अन्य आरोपियों को मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर गिरफ्तार किया गया। इनको मंगलवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। चारों की जेल में शिनाख्त परेड कराई जाएगी।
आसीद. पकड़े गए लूट के चारों आरोपी।