- Hindi News
- रेलवे ने लिया सात घंटे ब्लॉक, चार ट्रेनें अटकी, यात्री हुए परेशान
रेलवे ने लिया सात घंटे ब्लॉक, चार ट्रेनें अटकी, यात्री हुए परेशान
इंटरसिटी चार, रतलाम-जोधपुर एक्सप्रेस खजुराहो दो घंटे लेट, अजमेर-उदयपुर लोकल दो घंटे स्टेशन पर खड़ी रही
भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा/हमीरगढ़
रेलवेद्वारा हमीरगढ़ फाटक पर अंडरब्रिज निर्माण को लेकर रविवार को लिए गए ब्लॉक से चित्तौड़-भीलवाड़ा रेलमार्ग करीब 7 घंटे बाधित रहने से चार ट्रेनें अटक गई। चार घंटे देरी से इंटरसिटी भीलवाड़ा पहुंची। सुबह 5 बजकर 50 मिनट से दोपहर 12 बजकर 35 मिनट तक लिए गए ब्लॉक से यात्री परेशान रहे। रेलवे को करीब 200 यात्रियों को 12,300 रुपए रिफंड देना पड़ा।
हमीरगढ़ रेलवे फाटक के पास अंडरब्रिज निर्माण को लेकर सुबह से दोपहर तक ब्लॉक लिया गया। करीब सात घंटे तक चित्तौड़-भीलवाड़ा रेल मार्ग बंद रहने से चार ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सुबह करीब 9 बजकर 4 मिनट पर भीलवाड़ा पहुंचने वाली इंटरसिटी दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर करीब चार घंटे देरी से भीलवाड़ा पहुंची। अजमेर उदयपुर लोकल ट्रेन सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर स्टेशन पहुंची, जो दोपहर करीब 1.30 बजे रवाना हुई। इसे करीब 2 घंटे 15 मिनट स्टेशन पर रोका गया।
रतलाम-जोधपुर यात्री गाड़ी को सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर भीलवाड़ा पहुंचना था, पर ब्लॉक के कारण यह दोपहर करीब 1 बजकर 35 मिनट यानी 2 घंटे 15 मिनट देरी से पहुंची। जयपुर से उदयपुर चलने वाली होलीडे एक्सप्रेस करीब आधे घंटे देरी से 11 बजे भीलवाड़ा पहुंची, जिसे करीब दो घंटे मंडपिया स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।
ब्लॉक के कारण विभिन्न स्टेशनों पर करीब दो से चार घंटों तक ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को परेशानी हुई। रेलवे को करीब 200 यात्रियों को 12300 रुपए रिफंड देना पड़ा। रेलवे सूत्रों का कहना है कि ब्लॉक लेने के संबंध में पूर्व में कोई सूचना नहीं दी गई, लेकिन शनिवार को रविवार सुबह हमीरगढ़ में अंडरब्रिज निर्माण को लेकर ब्लॉक लेने की जानकारी दी थी।
हमीरगढ़. रेलवेस्टेशन पर अधिकारी के सामने आक्रोश जताते यात्री।
साढ़े चार घंटे हमीरगढ़ रुकी इंटरसिटी
ब्लॉकके कारण सबसे अधिक चार घंटे तक उदयपुर से जयपुर के बीच चलने वाली इंटरसिटी को हमीरगढ़ स्टेशन पर रुकना पड़ा। कई यात्री देरी को लेकर अधिकारियों के पास पहुंच आक्रोश जताने लगे। दोपहर 12.35 बजे ब्लॉक खोला तथा 12.45 बजे इंटरसिटी हमीरगढ़ से रवाना होकर 1. 10 बजे भीलवाड़ा पहुंची।