इटावा में दो साल से रोड लाइटें नहीं
इटावा| कस्बेमें ग्राम पंचायत द्वारा विद्युत बिल की राशि नहीं चुका पाने के कारण पिछले दो साल से रोड लाइटों का कनेक्शन कटा हुआ है, जिसके कारण सड़कों पर अंधेरा पसरा रहता है। इस बारे में इटावा सरपंच सुनिता भील ने बताया कि ग्राम पंचायत के पास निजी आय में काफी कम बजट है तथा कर्मचारियों का वेतन चुकाने में भी दिक्कत आती है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत को सरकार से प्रोत्साहन राशि मिलती थी, लेकिन पिछले दो वर्ष से राशि नहीं रही है, जिसके चलते बिल जमा नहीं हो पा रहा है। सचिव सुरेश गोस्वामी ने बताया कि निजी आय में ग्राम पंचायत के पास राशि नहीं है तथा विद्युत राशि बकाया होने के कारण रोड लाइट का कनेक्शन काट रखा है। ग्राम पंचायत के पास निजी आय से राशि उपलब्ध होने पर बिजली जमा कराया जा सकेगा। विद्युत विभाग के सहायक अभियंता सुरेश सेदवाल ने बताया कि रोड लाइटों के दो कनेक्शन हैं, जिन पर विभाग का लगभग 4 लाख से अधिक बकाया चल रहा है तथा ग्राम पंचायत द्वारा जनवरी 2011 के बाद कोई राशि जमा नहीं कराने के कारण वर्ष 2012 में विद्युत कनेक्शन काट दिए हैं।