पथ संचलन पर पथराव के तीन आरोपी पकड़े
भास्कर न्यूज. जहाजपुर /भीलवाड़ा
राष्ट्रीयस्वयं सेवक संघ के पथ संचलन पर पत्थर फेंकने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे में राजफाश कर दिया। मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पूर्व में भी इस तरह की घटना में शामिल रह चुका है और उसकी हाईकोर्ट से जमानत हुई थी। इस बीच, सोमवार को दिनभर शांति बनी रही। पुलिस गश्त कर चौकसी रखे हुए है। पुलिस के अनुसार रविवार को जहाजपुर में पथ संचलन पर शरारती तत्व ने पत्थर फेंक एक कार्यकर्ता दीपक गुजराती को घायल कर दिया था।
घटना से नाराज कार्यकर्ताओं ने पथ संचलन संपन्न होने के बाद आधा घंटे तक धरना देकर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। 24 घंटे की जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने घटना का राजफाश करते हुए कस्बे के खोहल्ला मोहल्ला निवासी जांबाज पुत्र बाबू खां देशवाली, शीतला माता का चौक निवासी सलमान पुत्र अब्दुल रहमान पठान फकीरों का मोहल्ला निवासी अशफाक पुत्र शफीक मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। एसपी हेमंत शर्मा ने बताया कि जहाजपुर किले पर झंडा लगाने को लेकर पूर्व में तनाव हुआ था। तब पुलिस ने दोनों पक्षों के 13-13 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें आरोपी सलमान भी शामिल था, जिसकी हाईकोर्ट से जमानत हुई थी। उधर, कस्बे में दिनभर शांति बनी रही। पुलिस गश्त कर स्थिति पर निगाह रखे हुए है।
ऐसेपहुंची पुलिस
पुलिसने पथ संचलन पर पथराव की घटना को गंभीरता से लेते हुए छानबीन की। पुलिस ने उस स्थान पर मौजूद लगभग 60 लोगों से अलग-अलग गहन पूछताछ की, जहां से पत्थर फेंका गया था। संदिग्ध लोगों से कड़ाई से पूछताछ के बाद इस घटना का राजफाश हो गया। तीनों युवकों से पूछताछ चल रही है।