सर्दी के तेवर तीखे, तापमान गिरा
जिलेमें सर्दी ने अपने तेवर तीखे कर लिए हैं। पिछले तीन दिनों से लगातार सर्दी का असर जोर पकड़ता जा रहा है।
इस दौरान चल रही शीतलहर आमजन को झकझोर रही है। पिछले दो दिनों की तुलना में रविवार को न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को भी दिन भर सर्दी का असर अधिक रहा। शीतलहर के चलते धूप भी बेअसर साबित हो रही थी। रविवार को अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गत दो तीन दिनों से मौसम में आए बदलाव का जहां पर्यटक लुत्फ उठा रहे हैं वहीं कई लोगों के लिए सर्दी का मौसम परेशानी बन गया है।
सुबह जल्दी घरों से बाहर निकलने वालों को सर्दी से बचने के लिए कई जतन करने पड़ रहे हैं। सर्दी के तेज होते ही लोग अलाव तापते नजर आने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठंड का असर बढ़ गया है। धोरों के बीच दूर दराज के इलाकों में बसे गांवों में सर्दी का असर अधिक है। ऐसे में ग्रामीणों को इस मौसम में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब कंपकपाने लगी सर्दी
राजमथाई. क्षेत्रमें पिछले चार दिनों से सर्दी का असर बढा है जिसका प्रभाव जनजीवन के साथ ही साथ मूक पशुधन पर भी देखने को मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में इस बार ग्लोबल वार्मिग के कारण से सर्दी का प्रभाव काफी देरी से देखने को मिला हैै वही किसानों को सरसों तथा जीरे की फसल के लिए सर्दी के बढ़ने का बेसब्री से इंतजार था सर्दी बढ़ने के कारण ग्रामीण अल सुबह से ही बाजार में अलाव तापते नजर आते हैं वही पशुधन को सर्दी से बचाने के लिए भी पशुपालकों द्वारा जतन किए जा रहे हैं।