सीमा जन कल्याण समिति की बैठक आयोजित
जैसलमेर. सीमाजनकल्याण समिति की जिला बैठक में आगामी नवरात्रा पक्ष में मंडल से नीचे जाकर ग्राम इकाइयों तक शक्ति पूजन कार्यक्रम मनाने का निर्णय लिया गया। समिति के जिलाध्यक्ष अलसगिरी की अध्यक्षता में सीमाजन छात्रावास में आयोजित बैठक में जिला टीम के साथ रामगढ़, मोहनगढ़, जैसलमेर, फतेहगढ़ और म्याजलार तहसील के अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर संरक्षक मुरलीधर खत्री का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। समिति के जिला मंत्री शरद व्यास ने बताया कि आयोजित बैठक में प्रस्तावित शक्तिपूजन कार्यक्रमों की रूपरेखा के साथ ही प्रस्तावित तहसीलों के कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग की तिथियों का निर्धारण कर उनके आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बैठक के द्वितीय सत्र में सीमावर्ती गांवों से आए कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में अकाल सूखे से उत्पन्न हालात में गोवंश के लिए चारा-पानी के संकट और अनधिकृत रूप से निर्मित हो रहे एक वर्ग विशेष के धार्मिक स्थलों की स्थिति पर चर्चा की। बैठक में जिला टीम के अमरसिंह सोढ़ा, गणपतसिंह के साथ तहसीलों से आए उम्मेदसिंह, हमीरसिंह, कानाराम रूपसी आदि ने संगठन के कार्य विस्तार के बारे में विचार प्रस्तुत किए।