- Hindi News
- राज्य में 6000 मेगावाट का सोलर पार्क बनेगा
राज्य में 6000 मेगावाट का सोलर पार्क बनेगा
रिलायंसपावर लिमिटेड अगले दस साल में राजस्थान में चरणबद्घ तरीके से छह हजार मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क विकसित करेगी। गुरुवार को संयुक्त उपक्रम कंपनी बनाने के संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। राज्य सरकार की ओर से राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक बी.के.दोसी रिलायंस पावर लि. की ओर से रिलांयस पावर के वरिष्ठ कार्यकारी उपाध्यक्ष सुरेश नागराजन ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान रिलायंस पावर के चेयरमैन अनिल अंबानी और सीएम वसुंधरा राजे मौजूद रही।
एमओयू के दौरान सीएम ने कहा कि कि राज्य सरकार, राजस्थान को निवेश के लिये उपयुक्त प्रदेश बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इस समय सीमेंट और ऊर्जा के क्षेत्र में निजी क्षेत्र के साथ भागीदारी हमारी प्राथमिकता में है। नवंबर में होने वाले रिसर्जेंट राजस्थान सम्मेलन से भी काफी उम्मीदें हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिलायंस समूह की ओर से जैसलमेर जिले के धूड़सर में निर्मित 100 मेगावाट क्षमता के सोलर थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट की शिलापट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया। अनिल अंबानी ने कहा-हमारा समूह राज्य सरकार के साथ दीर्घकालिक सहभागिता करने का इच्छुक है।
अंबानी ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तारीफ करते हुए उन्हें डायनेमिक और विजनरी लीडर बताया। राजे के विकास के विजन के साथ राजस्थान तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा है। राजस्थान की सौर ऊर्जा नीति देश की सर्वाधिक प्रगतिशील सौर ऊर्जा नीति है। राज्य में सौर ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए राजस्थान को 50 हजार मेगावाट का लक्ष्य तय करना चाहिए
एमओयू के दौरान अंबानी और राजे।