- Hindi News
- स्वतंत्रता सैनानी व्यास की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए
स्वतंत्रता सैनानी व्यास की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए
स्वतंत्रता सेनानी लालचंद जोशी की पुण्यतिथि 12 को
स्वतंत्रतासंग्राम सैनानी, समाजसेवी, नगर पालिका जैसलमेर के पूर्व अध्यक्ष सत्यदेव व्यास की 36वीं पुण्यतिथि मंगलवार पर सत्यदेव व्यास उद्यान में पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता पूर्व विधायक गोवर्धन कल्ला ने की। वहीं शहर के गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। स्व. व्यास की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में जयप्रकाश व्यास ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। पूर्व यूआईटी अध्यक्ष उम्मेदसिंह तंवर ने बताया कि ऐसे ईमानदार, एवं चरित्रवान नेताओं से ही समाज को मार्गदर्शन मिलता है।
उन्होंने बताया कि यूआईटी ने उनके नाम से कॉलोनी का भी नामकरण किया है। सर्वोदय मंडल के जिला अध्यक्ष एवं खादी परिषद मंत्री राजूराम प्रजापत ने कहा कि आज के युग में स्व. व्यास जैसे त्यागी नेताओं के अनुकरण की आवश्यकता है। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अशोक तंवर, चन्द्रप्रकाश व्यास, बालकृष्ण जगाणी, सांगीदान भाटिया ने भी उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कई प्रसंग सुनाए। पूर्व विधायक तथा सत्यदेव जी के साथ जिले में सेवा कार्य करने वाले पूर्व विधायक गोवर्धन कल्ला ने व्यास जी को उच्च कोटी का का इंसान तथा समाज सेवी बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में सागरमल गोपा के निधन के पश्चात स्व. व्यास ने नेतृत्व किया। उसके बाद भी सेवा कार्य नैतिकता जिम्मेदारी के साथ निभाया।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष रमेश जीनगर ने श्रद्धांजलि देते हुए उपस्थित जनसमूह को आश्वस्त किया कि उनकी परिकल्पना के अनुकूल जैसलमेर का विकास किया जाएगा। अंत में पुरुषोतम व्यास ने आभार प्रकट किया। इस अवसर पर जयनारायण व्यास, राजेन्द्र व्यास, परमानंद कपटा, भंवरलाल पालीवाल, रमेश चन्द्र जोशी, रामचन्द्र पुरोहित, रमेशचन्द्र पुरोहित, प्रदीप व्यास, दिलीप व्यास, पार्षद अरविंद व्यास, आनंद जगाणी, सुरेश व्यास, छोटूखां, श्याम बिस्सा, मधुसूदन व्यास, सुरेश केवलिया, आनंद व्यास सहित अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम छंगाणी ने किया।
जैसलमेर. स्वतंत्रता सैनानी सत्यदेव व्यास की प्रतिमा और सत्यदेव पार्क में आयोजित सभा में उपस्थित जनसमूह।