- Hindi News
- लोंगेवाला युद्ध में जीत का दिवस धूमधाम से मनाएंगे
लोंगेवाला युद्ध में जीत का दिवस धूमधाम से मनाएंगे
जैसलमेर. 1971में हुए लोंगेवाला युद्ध में भारत की जीत वीर सैनिकों की स्मृति में 13 14 दिसम्बर को एयरफोर्स द्वारा लोंगेवाला विजय दिवस मनाया जाएगा। इस युद्ध के दौरान भारतीय थलसेना की एक छोटी सी टुकड़ी ने पाकिस्तान की टैंकों से लेस विशाल सेना से रातभर लोहा लिया था। सुबह भारतीय वायु सेना के हंटर युद्धक विमानों ने दुश्मनों के टैंकों के साथ ही उनके मनसूबों पर पानी फेर दिया था।
युद्ध में हुई ऐतिहासिक जीत में भारतीय वायुसेना ने विंग कमांडर एमएस बावा के नेतृत्व में एक निर्णायक भूमिका निभाई। लोंगेवाला विजय दिवस दौड़ का प्रारंभ जैसलमेर के शहीद पूनमसिंह स्टेडियम से एयर कमोडोर चंद्रमौलि सुबह हरी झंडी दिखाकर करेंगे। पांच वर्गों में आयोजित होने वाली इस दौड़ में 5 किमी. सिटी रन,10 किमी सिटी रन, 21 किमी हाॅफ मैराथन, 42 किमी. फुल मैराथन और 110 किमी. की जैसलमेर से लोंगेवाला तक की दौड़ शामिल है। 05 किमी. और 10 किमी. की सिटी रन का मार्ग जैसलमेर शहर की सीमा के अन्दर होगा जबकि हाॅफ मैराथन, फुलमैराथन और जैसलमेर से लोंगेवाला तक की दौड़ का मार्ग जैसलमेर से रामगढ के होते हुए लोंगेवाला तक है। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों को पानी और अल्पाहार प्रदान करने के लिए मार्ग में नियमित अन्तराल पर और समाप्ति स्थल परस्टाॅल बनाए जाएंगे। 14 दिसम्बर को लगभग 12 बजे इस दौड़ का समापन होगा। इस दौड़ में थलसेना, बीएसएफ, राजस्थान पुलिस और वायुसेना कार्मिकों के साथ-साथ सामान्य जन भी भाग ले सकते है। वायुसेना स्टेशन जैसलमेर इस दौड़ में बडी संख्या में भाग लेने के लिए जैसलमेर के नागरिकों को आमत्रित करता हैं। वे अपनी इच्छानुसार किसी भी वर्ग की दौड़ में शामिल हो सकते हैं। विजय दौड़ की तैयारी के संबंध में कलेक्टर एनएल मीना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एयर कमोडोर चंद्रमौली वी एस एम, एसपी डाॅ. राजीव पंचार, ग्रुप कैप्टन बी.के शर्मा, विंग कमाण्डर एस वशिष्ठ के साथ ही अन्य अधिकारी एवं रामगढ़, सोनू के सरपंच भी उपस्थित थे। एयर कमोडोर चंद्रमौली ने इस विजय दौड़ के लिए जिला प्रशासन से सहयोग के बारे मे अवगत कराया। कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, नगर निकाय के अधिकारी, खेल अधिकारी, सहायक पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे एयरफोर्स अधिकारियों की मांग पर इस विजय रैली को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग प्रदान करें।