पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जोधपुर से सुबह शाम 2500 रुपए की फ्लाइट शुरू करने के प्रयास : शर्मा

जोधपुर से सुबह-शाम 2500 रुपए की फ्लाइट शुरू करने के प्रयास : शर्मा

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागरिक उड्डयन पर्यटन संस्कृति राज्य मंत्री महेश शर्मा का कहना है कि एयर कनेक्टिविटी में पिछड़े जोधपुर के लिए सुबह-शाम की फ्लाइट्स शुरू करने के प्रयास मंत्रालय ने शुरू किए हैं। इसके तहत महज 2500 रुपए के टिकट में रीजनल कनेक्टिविटी सेवा शुरू की जाएगी। जोधपुर टायर-टू सिटी में आता है। टायर-टू सिटी वाले एयरपोर्ट को मजबूत किया जा रहा है। ये सब नई एविएशन पॉलिसी के तहत होगा। पॉलिसी में देश भर में 30 करोड़ नए एयर पैसेंजर जोड़ने की योजना बनाई गई है। शर्मा जैसलमेर और बाड़मेर के दो दिवसीय दौरे के बाद शुक्रवार को दिल्ली जाते समय यहां एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। शर्मा ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट विस्तार में देरी और जैसलमेर एयरपोर्ट शुरू करने के मामले में उन्होंने दो दिन तक फीडबैक लिया है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए 37 एकड़ जमीन मिलने में रही बाधा जल्दी ही दूर की जाएगी। रक्षा संपदा अधिकारी के पास अटकी फाइल आगे बढ़ाने के लिए वे रक्षा मंत्री से बातचीत करेंगे। विस्तार की डेटलाइन के सवाल पर वे बोले कि यह बताना संभव नहीं है। जोधपुर में पर्यटन की अपार संभावना होने के कारण नई फ्लाइट्स जरूरी हैं। इसके लिए एयरपोर्ट विस्तार जरूरी है।

जोधपुर से चार नए सेक्टर की फ्लाइट्स का प्रस्ताव ले गए मंत्री :

जोधपुर एयरपोर्ट विस्तार और नई फ्लाइट्स शुरू करने को लेकर शर्मा ने समीक्षात्मक बैठक ली। एयरपोर्ट निदेशक एसके सिंह ने उन्हें वर्तमान मे संचालित हो रहे जोधपुर एयरपोर्ट और 37 एकड़ जमीन पर होने वाले विस्तार के बारे में बताया। साथ ही कहा कि विस्तार की प्रक्रिया रक्षा संपदा अधिकारी के पास अटकी हुई है। विस्तार के लिए नगर निगम की जमीन एयरफोर्स को देने का निर्णय हो चुका है, लेकिन एयरफोर्स को जमीन नहीं मिल रही है। शर्मा ने कहा कि विस्तार के लिए मंत्रालय स्तर पर बातचीत होगी, जल्दी ही एमओयू हो जाएगा। वे सीधे ही रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर को इस बारे में बताएंगे। जोधपुर से चार नए सेक्टर की फ्लाइट्स शुरू करने का प्रस्ताव मंत्री को दिया गया। इनमें जोधपुर से कोलकाता, दिल्ली-जोधपुर-अहमदाबाद, जोधपुर-हैदराबाद और दिल्ली-जोधपुर-जैसलमेर के बीच फ्लाइट्स शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया। मंत्री ने कहा जोधपुर जैसलमेर में पर्यटन की ज्यादा संभावना है, ऐसे में सबसे पहले यहां नई फ्लाइट शुरू होगी।

खबरें और भी हैं...