पेट्रोलियम एसोसिएशन ने गांवों में 25 टांकों के निर्माण की घोषणा की
कलेक्टरविश्वमोहन शर्मा ने मुख्यमंत्री की ड्रीम प्रोजेक्ट, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान की चर्चा करते हुए जिले के गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप संचालकों से आग्रह किया कि वे इस अभियान में तन मन एवं धन के साथ सहयोग करें एवं इस अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज करावें। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बरसाती जल का संग्रहण करना है वहीं गांव के पानी को गांव में ही रोककर पानी के रुप में आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को जन - जन का अभियान बनाना है इसलिए सभी की सहभागीदारी एवं सहयोग जरुरी है।
कलेक्टर शर्मा शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के लिए जिले के गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में यह उदगार व्यक्त किए। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी नारायण सिंह चारण, जिला रसद अधिकारी औंकार सिंह कविया, अधीक्षण अभियन्ता वाॅटर शैड भागीरथ विश्नोई के साथ ही अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
उपस्थित सभी प्रतिनिधियों की तरफ से महेन्द्र व्यास ने मौके पर ही 25 टांकों का निर्माण पेट्रोलियम एसोसिएशन की तरफ से घोषणा की एवं वे इसके अतिरिक्त भी अन्य सहयोग देने का विश्वास दिलाया। सभी प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान से संबंधित फिल्म भी दिखाई गई।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी नारायण सिंह चारण ने जल के पावन महत्व के लिए संचालित इस अभियान में श्रम, सामग्री एवं संसाधन मद में भी आगे भी सहयोग देने की आवश्यकता जताई एवं कहा कि वे पूरे मन से इस अभियान में जुड़ेंगे तो जिले मे अभियान को गति मिलेगी। अधीक्षण अभियन्ता भागीरथ विश्नोई ने बताया कि प्रथम चरण में 25 गांव चयनित किए गए हैं। जिसमें वे जल सरंक्षण के कोई भी कार्य करवा सकते हैं।
जैसलमेर. मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान की चर्चा करते हुए कलेक्टर गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप संचालक।