स्वतंत्रता सेनानी जोशी की मनाई छठी पुण्यतिथि
स्वतंत्रतासेनानी लालचंद जोशी की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर स्थानीय राउप्रावि दुर्ग नंबर 2 में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अंजना मेघवाल, विशिष्ट अतिथि रूपाराम धणदै दिनेशपाल तथा सहित्यकार दीनदयाल ओझा अध्यक्ष के रुप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सर्वप्रथम जोशी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवल कर कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत की गई। अतिथि सत्कार भाषण सीमा जोशी ने प्रस्तुत किया। संयोजक सुरेश जोशी ने प्रतिवेदन वाचन किया। समाजसेवी दिनेशपालसिंह ने सदैव जोशी के पद चिन्हों पर चलते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। विशिष्ट अतिथि रूपाराम धणदै ने कहा कि शहीदों की शहादत व्यर्थ जाए यही हम सबका प्रथम कर्तव्य है। मुख्य अतिथि जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने जोशी द्वारा संघर्ष में जीवन जीकर स्वतंत्रता मार्ग पर सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए नमन किया। शिक्षाविद् बालकृष्ण जोशी ने लालचंद जोशी के साथ उनकी सह धर्मिणी सखी बाई की भी सराहना करते हुए पूर्ण परिवार को धन्य बताया। कार्यक्रम के अध्यक्ष दीनदयाल ओझा ने अपने अनुभवों के आधार पर जोशी के अदम्य साहस प्रेरणा के लिए कोटि -कोटि नमन करते हुए राष्ट्र सेवा का संदेश दिया।