निशुल्क मधुमेह शिविर में 80 मरीजों की जांच
जैसलमेर . रोटरीक्लब जैसलमेर स्वर्ण नगरी एवं जन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को आयोजित एक दिवसीय निशुल्क मधुमेह जांच शिविर में 80 मरीजों ने अपनी जांच करवा कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। वरिष्ठ रोटेरियन मयंक भाटिया बताया कि इस शिविर में मेडिपल्स हास्पिटल जोधपुर के मधुमेह रोग विशेषज्ञ एवं फिजीशियन डाॅ. अभिषेक तांतेड ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। रोटरी क्लब के सचिव राजेश भाटिया ने बताया कि सुबह 8 बजे से 1 बजे तक मरीजों का पंजीयन किया गया तत्पश्चात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा एनपीसीडीसीएस कार्यक्रम के तहत अनिल कुमार एवं दिनेश सोनी ने सभी मरीजों की निशुल्क शर्करा की जांचकर शिविर में अपना योगदान प्रदान किया।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष डाॅ. एस के दुबे ने बताया कि असमय खान-पान, चिंता, तनाव, अनुवांशिक कम शारीरिक परिश्रम के कारण पाचन तंत्र में इंसुलिन की मात्रा पर्याप्त नहीं बनती जिससे मधुमेह रोग होता है। आवश्यकता है जांच एवं परामर्श की जिसके तहत जन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में शिविर लगाकर सेवाएं प्रदान की जा रही है।