समाधि को लेकर बयानबाजी पर रोष
जैसलमेर. वाल्मिकीकॉलोनी में नारी शक्ति जागरण समिति द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें नारी शक्ति ने कहा कि दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के संस्थापक आशुतोष महाराज की समाधि को लेकर तरह तरह की बयानबाजी की जा रही है। यह बड़ी दुखद बात है। नारी शक्ति कार्यकर्ता सुमन जोधा तथा सुआ चौहान ने कहा कि यह भारत का परम सौभाग्य रहा है जिसे समय समय पर तत्वदर्शी ऋषिगणों का चरण स्पर्श मिला। नारी शक्ति ने यह भी कहा कि समाधि की प्रक्रिया को हमारे ग्रंथों में ध्यान मृत्यु भी कहा जाता है। इस अवस्था में प्राण ऊर्जा आत्म चेतना देह के पोर पोर में सिमट कर अंतरिक्ष में व्याप्त हो जाती है। नारी शक्ति ने कहा कि लाखों करोड़ों लोगों की भावनाओं को देखते हुए उनका जबरदस्ती अंतिम संस्कार करने के लिए उनके शिष्यों को मजबूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से अपील की है कि वो इस विषय में सकारात्मक कदम उठावें ताकि भारत के गौरवशाली और वैज्ञानिक अतीत को फिर से उजागर किया जा सके।