जन धन के तहत पेट्रोल पंप पर खोले खाते
जैसलमेर. प्रधानमंत्रीजन धन योजना की क्रियान्विति के लिए सभी जगह प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को भारत पेट्रोलियम ने भी इसमें सहयोग दिया और पेट्रोल पम्प पर आने वाले ग्राहकों के जनधन योजना के तहत खाते खोले। आकाश फ्यूल सेंटर बड़ाबाग के चंद्रप्रकाश भाटिया ने बताया कि भारत पेट्रोलियम ने वन डे वंडर नाम से एक दिवसीय शिविर आयोजित किया। जिसके तहत आकाश फ्यूल सेंटर में आने वाले ग्राहकों के एसबीआई बैंक द्वारा खाते खोले गए और उन्हें प्रधानमंत्री जन धन योजना के बारे में अवगत करवाया। भाटिया ने बताया कि प्रदूषण के प्रति जागरूक करने के लिए इस योजना के तहत दुपहिया वाहन में 500 रुपए का पेट्रोल तथा फोर व्हीलर में 1 हजार रुपए का पेट्रोल भरवाने वालों को पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट निशुल्क दिया गया। वहीं डीजल के तहत लाइट व्हीकल में 40 लीटर तथा हेवी व्हीकल में 100 लीटर डीजल भरवाने वालों को सर्टिफिकेट निशुल्क जारी किया गया। इसके अलावा डीजल पेट्रोल की क्वालिटी क्वांटिटी चैक करवाई गई। इस अवसर पर पर एसबीआई के शाखा प्रबंधक विजय कुमार, फ्यूल संचालक चंद्रप्रकाश भाटिया आकाश भाटिया के सहित बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित थे।