एसीबी ने बाड़मेर तिराहे से नापी सड़क
नगरपरिषद जैसलमेर में गत बोर्ड में हुए घोटालों की परतें अब खुलने लगी है। 2013 में एसीबी में दर्ज एक मामले की कार्रवाई के दौरान बुधवार को एसीबी की तकनीकी समिति ने सड़क का माप लिया। बिना सड़क बनाए पैसे हड़प कर सरकार को लगाई गई 62 लाख की चपत के प्रकरण में एसीबी की टीम ने बाड़मेर तिराहे से एसबीबीजे बैंक तक पूरे सड़़क मार्ग की पैमाइश की। इस दौरान एसीबी के एएसपी लक्ष्मीनारायण शर्मा, एचसी चेतनराम शामिल थे। वहीं नगर परिषद के कर्मचारियों ने भी एसीबी के कहे अनुसार सड़क का माप किया। इस मामले में सड़क की पैमाइश कर वास्तविक दरों का निर्धारण किया जाएगा। जिसके पश्चात तकनीकी कमेटी इस पर रिपोर्ट देगी।
जैसलमेर. भ्रष्टाचार के मामले में सडक का माप लेते एसबीबी की टीम।
ये था मामला
नगर परिषद में 2013 में सड़़क रिकारपेट तथा गीता आश्रम कच्ची बस्ती में नाली फु़टपाथ निर्माण के पेेटे सोना कंस्ट्रक्शन कंपनी को 62 लाख रुपए का भुगतान किया गया था। जबकि मौके पर किसी भी प्रकार का काम नहीं हुआ था। इस मामले में नगर परिषद के तात्कालीन आयुक्त रामकिशोर माहेश्वरी, जेईएन नीरज सोनी, एईएन राजकुमार सिंघल तथा एक्सईएन लक्ष्मण पंवार की भी भूमिका संदिग्ध सामने आई थी। ये मामला काफी चर्चा में भी रहा था। एसीबी में दर्ज होने के बाद इस प्रकरण में अब अग्रिम कार्रवाई हो रही है। बिना धरातल पर काम किए भुगतान होने का यह प्रकरण शहर में काफी चर्चित रहा था।