चांधन फायरिंग रेंज की फोटोग्राफी करते पकड़े गए संदिग्ध को पुलिस ने छोड़ा
जोधपुर। चांधनफील्ड फायरिंग रेंज में एयरफोर्स के सबसे बड़े वारगेम ‘आयरन फीस्ट’ की तैयारियों के दौरान फोटोग्राफी करते पकड़े गए बीरबल खां को पुलिस ने छोड़ दिया है। उसे गत 28 दिसंबर को एयरफोर्स सहित खुफिया एजेंसियों ने रेंज में महत्वपूर्ण स्थलों की फोटोग्राफी करते पकड़ा था। उसके मोबाइल में टारगेट और वीवीआईपी मेहमानों के लिए तैयार हो रहे मंच के फोटो मिले थे।
उसे छोड़ने को लेकर एयरफोर्स ने पुलिस के समक्ष कड़ी आपत्ति जताई है। इधर, जैसलमेर पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार का कहना है कि सुरक्षा खुफिया एजेंसियों ने उससे संयुक्त पूछताछ की थी। उसके पास कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। इसके चलते उसे छोड़ा गया।
राष्ट्रपति प्रधानमंत्री के रूट सहित मंच के फोटो खींचे थे :
तीन साल में एक बार होने वाली एयर एक्सरसाइज ‘आयरन फीस्ट’ की बीते दो तीन माह से तैयारियां चल रही हैं। इसके लिए चांधन फायरिंग रेंज में अस्थाई निर्माण कार्य चल रहे हैं। इनमें टारगेट से लेकर मंच तक बनाए जा रहे हैं। बीरबल एक ठेकेदार के माध्यम से काम करने के लिए रेंज में जाता था। गत 28 दिसंबर को वह राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के लिए बनाए जा रहे मंच के फोटो ले रहा था। उसके पास रेंज के कई महत्वपूर्ण स्थलों के फोटो भी मिले थे। एयरफोर्स ने उसे पकड़ कर लाठी पुलिस को सौंप दिया था। उसके मोबाइल नंबर की जांच करने पर पता चला कि वह बीते डेढ़ साल में आठ से दस स्मार्ट फोन बदल चुका है। उसके फोन से पाकिस्तान बातचीत होने की भी जानकारी मिली है।
एयरफोर्स को इसलिए ज्यादा संदेह:
डेढ़ माह पूर्व पकड़े गए इस आरोपी पर एयरफोर्स सहित खुफिया एजेंसियां कड़ी नजर रखे हुए हैं। इसकी अहम वजह यह है कि तीन साल पूर्व हुई एयर एक्सरसाइज के दौरान इस क्षेत्र से जासूसी के मामले में पकड़े गए सुमार खां के बीरबल से संपर्क होने की जानकारी मिली है। इसके चलते एयरफोर्स ने पुलिस के समक्ष आपत्ति जताई है। उसके पकड़े जाने के बाद एयरफोर्स ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराने को कहा था।