कर्मचारी बनकर बैंक में वृद्ध से हड़पे 49 हजार
बैंक से फरार संदिग्ध आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद
भास्करन्यूज | जैतारण
थानाक्षेत्र के एमएम कॉलोनी में स्थित पंजाब नेशनल बैंक परिसर में बुधवार दोपहर युवक फर्जी बैंक कर्मचारी बनकर एक वृद्ध से 49 हजार रुपए हड़प फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी ले आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार फौजी चौराहा निवासी भीरदाराम पुत्र घीसाराम अपनी पुत्री शोभा के खाते में रुपए जमा करवाने के लिए दोपहर एक बजे पीएनबी बैंक पहुंचा। इस पर बैंक परिसर में ही घूम रहे अज्ञात युवक ने अपने आप को बैंक का कर्मचारी बताते हुए बैंक बंद होने की बात कहीं और जल्द ही रुपए जमा कराने को कहां। इस पर वृद्ध कैश काउंटर पर 49 हजार रुपए रख पर्ची भरने लगा,। इस दौरान वहां मौजूद अज्ञात युवक मौका देख रुपए ले वहां से फरार हो गया। पर्ची पर मुहर लगाने के लिए वह कैशियर के पास पहुंचा। तो उसने रुपए का लेन देन होने की बात कहीं। वृद्ध और बैंक कर्मियों को जब पूरी घटना की जानकारी मिली तो वहां मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी अनिल विश्नोई और एएसआई सुमेर सिंह कुंपावत मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस पर पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जुटा अज्ञात युवक की तलाश शुरू कर दी है।
बैंकस्टाफ गया था लंच में, स्टाफ को भी नहीं पता कैशियर बन ले गया रुपए : वृद्धने बताया कि घटना के बाद उसे पता चला की बैंक स्टाफ लंच में गया हुआ था और वह कैशियर बन बैंक में घूम रहा था। उसने बताया कि उसने रुपए कैश काउंटर पर रखवाए और पर्ची भरने की बात कहीं। भीरदाराम ने बताया कि वह बैंक कर्मी की तरह की व्यवहार कर रहा था। पर्ची भरने के बाद जब वह कैश काउंटर पर पहुंचा तो वहां कोई ओर था। इस पर उसने लेन देन की बात कहीं तो सभी ने नकारा। उसने बताया कि बैंक कर्मियों द्वारा लेन देन होने की बात पर पूरी घटना के बारे में पता चला।
बैंक में सीसी कैमरे के फुटेज में संदिग्ध की तस्वीर।