मारपीट लूट के आरोपी को पुलिस रिमांड पर सौंपा
भास्कर न्यूज| रायपुर मारवाड़
कारमें लिफ्ट देकर मारपीट एवं लूट के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार एक आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे तीन दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आबूरोड़ में कार्यरत रेलवे कर्मचारी तालकिया जैतारण निवासी पुखसिंह गत 3 जनवरी की अलसुबह आबूरोड जाने के लिए बर बस स्टैंड पर खड़ा था। उसी समय वहां पर आकर रुकी स्कार्पियों के चालक ने पुखसिंह को छोड़ देने का कह कर कार में बैठा लिया। रास्ते में मारपीट कर उससे नकदी, मोबाइल एवं एटीएम कार्ड छीन लिया और रायपुर टोल प्लाजा से पहले सड़क पर पटक कर फरार हो गये। पुलिस ने जांच के बाद शाहपुरा (जयपुर) निवासी दीपक सोनी पुत्र निरजंन सोनी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जिस पर न्यायालय ने उसे तीन दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। ज्ञातव्य हैं कि कार में लिफ्ट देकर यात्रियों के साथ मारपीट की अनेक वारदाते करने वाले इस अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य कुजोता शाहपुरा निवासी विजयसिंह राजपूत को रायपुर पुलिस ने गत दिनो गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेश करने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस सोमवार को गिरफ्तार दीपक सोनी से गहन पूछताछ करने तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी करने के प्रयास में जुटी हुई हैं।