आयकर टीडीएस पर हुई कार्यशाला
कलेक्ट्रेटसभा कक्ष में मंगलवार को एडीएम आशाराम डूडी की मौजूदगी में आयकर विभाग द्वारा राजकीय विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारियों की जागरुकता के लिए टीडीएस पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके एडीएम ने कहा कि आहरण एवं वितरण अधिकारी गंभीरता से आयकर के प्रावधानों, नियमों एवं टीडीएस की कटौती आदि की जानकारी निरन्तर रखते हुए उसके अनुरूप कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि आयकर के रूप में जमा किया जाना वाला राजस्व का निर्धारित हिस्सा पुन: उसी राज्य सरकार को प्राप्त होता है जिससे विकास के कार्य किये जाते हैं इसलिए प्रत्येक अधिकारी कर्मचारी का कर्तव्य है कि वे आयकर निर्धारित समय अवधि में जमा कराएं तथा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम से अपनी ज्ञान क्षमता को बढ़ाएं। इस अवसर पर जोधपुर के आईटीओ (टीडीएस) सुनील अरोडा ने कहा राज्य कर्मचारियों को जो 16 नंबर का आयकर का फार्म जारी किया जाता था, उसे अब आयकर विभाग द्वारा ऑन लाईन किया गया है इसलिए उसके अनुरूप कार्य करें वहीं त्रैमासिक टीडीएस के स्टेटमेन्ट निर्धारित समय अवधि में जमा कराएं। उन्होंने आयकर के नवीन प्रावधानों आदि की विस्तार से जानकारी दी वही आईटीओ शेख अली ने भी आयकर की टीडीएस एवं टीसीएस के संबंध में बताया जबकि कोषाधिकारी दशरथ सोलंकी ने कहा कि आहरण वितरण अधिकारियों को आयकर के नवीन प्रावधानों की जानकारी दिए जाने की दृष्टि से आयकर विभाग से संपर्क कर यह कार्यशाला आयोजित की गई है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम किए जाकर आयकर से संबंधित ज्ञानवर्धन किया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित संभागियों के प्रश्नों का भी मौके पर समाधान किया गया। कार्यशाला में अतिरिक्त कोषाधिकारी कानाराम सोलंकी जिला शिक्षा अधिकारी जयनारायण द्विवेदी सहित जालोर नगर एवं जालोर तहसील क्षेत्र के विभिन्न विभागों के आहरण वितरण अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
जालोर. कार्यशालामें चर्चा करते अधिकारी।