डीबीटीएल योजना के संबंध में बैठक संपन्न
जालोर. जिलारसद अधिकारी गोविन्द सिंह राजपुरोहित की अध्यक्षता में डीबीटीएल योजना के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला रसद अधिकारी गोविंद सिंह राजपुरोहित ने सभी गैस वितरकों को निर्देश देते हुए कहा कि डीबीटीएल योजना 1 जनवरी, 2015 से लागू होगी जिसके लिए समय पर पूर्ण प्रयास कर अधिक से अधिक गैस उपभोक्ताओं को डीबीटीएल योजना से जोड़ा जाए, जिससे गैस उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं हो। उन्होंने गैस वितरकों को नए गैस कनेक्शन जारी करते समय उपभोक्ता के राशन कार्ड में एसबीसी या डीबीसी कनेक्शन की मोहर आवश्यक रूप से लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीबीटीएल योजना को प्रभावी ढंग से समय पर लागू करने के लिए सभी गैस वितरकों को शहरी ग्रामीण क्षेत्र में लाउडस्पीकर, पैम्पलेट के माध्यम से अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में इण्डेन कम्पनी के बिक्री अधिकारी दिनेश मलिक ने गैस वितरकों को डीबीटीएल योजना से जुड़ने के लिए उपभोक्ताओं से फॉर्म नंबर 1,2,3 4 भरवाये जाने की प्रक्रिया के संबंध मे जानकारी दी। उन्होंने गैस वितरकों को उपभोक्ताओं कीे आवश्यकतानुसार डीबीटीएल योजना से सम्बन्धित फॉर्म नि:शुल्क उपलब्ध करवाने तथा प्रत्येक गैस एजेन्सी में ‘‘पहल’’ नाम से काउन्टर स्थापित कर आवेदन पत्र को सुचारू रूप से कम्प्यूटराइज्ड फिडिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गैस वितरकों को क्षेत्र की बैंकों से संपर्क कर उपभोक्ताओं के बैंक खाते खुलवाने के लिए प्रयास करने के लिए कहा ताकि समय पर उपभोक्ताओं को गैस अनुदान सीधे उनके खाते में जमा हो सकें।