आज धूमधाम से मनाएंगे श्रीयादे जयंती
जालोर | श्रीयादेजयंती महोत्सव माघ सुदी दूज 10 फरवरी को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्रीयादे सेवा संस्थान जालोर के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मारु प्रजापत जालोर द्वारा श्रीयादे माता का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। संस्थान के अध्यक्ष चंपालाल देवड़ा सचिव ओमप्रकाश आर्य ने बताया कि सवेरे 10 बजे श्रीयादे माता की शोभायात्रा ठाकुरजी मंदिर कुम्हारों की फलाणी से बैंड बाजों की मधुर भक्ति संगीत के साथ प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में विभिन्न देवी देवताओं का रूप धारण किए प्रजापत समाज के छात्र छात्राएं मौजूद रहेंगे। शोभायात्रा में भगवान नृसिंह अवतार की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। शोभायात्रा सदर बाजार, गांधी चौक, तिलक द्वार, पंचायत समिति होते हुए सुंदेलाव तालाब पर श्रीयादे धाम पहुंचेगी जहां महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती के बाद श्रीयादे धाम में मारू प्रजापत समाज जालोर का प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।