गबन प्रकरण में कार्रवाई की मांग
जालोर | राजस्थानशिक्षक संघ प्रगतिशील जालोर के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य महामंत्री पूनमचंद विश्नोई, जिलाध्यक्ष पूनमाराम सारण जिलाध्यक्ष किशनलाल सारण के नेतृत्व में अतिरिक्त निदेशक बीकानेर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चितलवाना में शिक्षकों के वेतन से जीपीएफ एसआई कटौतियों में हुए गबन प्रकरण की निदेशालय स्तर से त्वरित कार्रवाई अंकेक्षण करवाकर शिक्षकों को राहत दिलवाने तथा दोषी अधिकारियों कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने कलेक्टर से मुलाकात कर जीपीएफ कार्यालय की ओर से इस संबंध में बरती गई लापरवाही उदासीनता की जांच की मांग की। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि करीब 2 साल पहले अनियमितता के बारे में संगठन ने सहायक निदेशक से वार्ता कर आशंका जताई थी लेकिन सकारात्मक जवाब नहीं होने के कारण उल्टा प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों पर ही मुकदमा दर्ज करवाया गया। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुनाथ गर्ग से मुलाकात कर चितलवाना गबन प्रकरण के जांच अधिकारी मांगीलाल को हटाकर अन्य पुलिस अधिकारी को जांच सौंपने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने डीईओ जयनारायण द्विवेदी से भी मुलाकात कर जोधपुर संभाग के वर्ष 2011-12 के शिक्षकों की वरिष्ठता सूची कार्यालय के बाहर चस्पा करने की मांग के साथ शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान वीरदसिंह चौहान, नरिंगाराम चौधरी कैलाश कुमार खत्री भी साथ में थे।