अतिक्रमण हटाने के मामलों में अधिकारी तत्परता बरतें: कलेक्टर
कलेक्टरअनिल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में अटल सेवा केन्द्र पर गुरुवार को जिला स्तरीय संपर्क समाधान शिविर एवं सतर्कता समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें 25 परिवादियों ने अपनी परिवेदनाएं प्रस्तुत की जिनमें से 4 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिला स्तरीय संपर्क समाधान शिविर में कलेक्टर अनिल गुप्ता ने जिले की विभिन्न पंचायत समिति मुख्यालयों पर उपस्थित अधिकारियों से सीधे वीसी के माध्यम से संपर्क साधते हुए निर्देशित किया कि वे मात्र रिपोर्ट देने तक ही सीमित नहीं रहे अपितु किसी भी मामलों का पूरा फॉलोअप ले ताकि लम्बित प्रकरणों का निस्तारण सही ढंग से सुनिश्चित हो सकें। अतिक्रमण के मामलों में विकास अधिकारियों तहसीलदारों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अतिक्रमण हटाने के मामलों में मौका मुहाना कर ऐसे मामलों में पुलिस बल की कितनी आवश्यकता है उसकी जानकारी सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों को सीधे दे ताकि पुलिस इमदाद मिल सकें। बैठक में उन्होंने जन अभियोग एवं सतर्कता समिति के लम्बित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने अनधिकृत रूप से नियम विरुद्ध जाकर गोचर भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है तो प्रशासन द्वारा उसके द्वारा की जाने वाली पट्टे संबंधी किसी भी मांग को स्वीकार नहीं किया जाकर उसके विरूद्व तुरंत प्रभाव से नियमानुसार कार्यवाही की जाए। उन्होंने अम्बाराम देवासी निवासी देबावास के लम्बित प्रकरण में विकास अधिकारी को पाबंद किया कि वे वस्तु स्थिति की जानकारी पता करें।