कुंए में गिरने से बालिका की माैत
जवाजा| टॉडगढ़थाना क्षेत्र के कैलावास गांव में शुक्रवार को आंगनबाड़ी से घर लौटती बालिका की बिना मुंडेर के कुंए में गिरने से मौत हो गई। थाना प्रभारी मनीष वैष्णव ने बताया कि कैलावास निवासी नीमसिंह रावत की चार वर्षीय बालिका कंचन सुबह करीब 10 बजे आंगनबाड़ी के लिए गयी थी। दोपहर में छुट्टी होने पर कंचन घर लौट रही थी। रास्ते में बिना मुंडेर के कुंए के पास खेलती हुई बच्ची कुएं में गिर गई। साथ में खेल रहे बच्चे डर गए और मौके से भाग कर अपने-अपने घर लौट गए। इधर कुछु देर बाद बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। परिजनों ने बच्ची के साथ जाने वालें बच्चों से पूछा तो बच्चों ने बताया कि कंचन तो कुएं में गिर गई। मौके पर ग्रामीण कानसिंह ने कुंए में कूद कर बच्ची के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने डॉ. विनोद शर्मा से बालिका का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मंदिरमें चलती है आंगनबाड़ी : कैलावासमें आगनबाड़ी भवन नहीं होने के कारण आंगनबाड़ी केन्द्र का संचालन शिव मंदिर में किया जा रहा है। इससे पहले आंगनबाड़ी स्थानीय राजकीय प्राथमिक विद्यालय में ही संचालित हो रही थी लेकिन, विद्यालय में बच्चों की संख्या बढ़ने पर प्रशासन ने आंगनबाड़ी को शिव मंदिर में संचालित करवा दी। यहां धर्मवीरसिंह, गोपालसिंह, गणपतसिंह, भगवानसिंह, रमेशसिंह, मिठूसिंह, जगदीशसिंह, रामसिंह, पदमसिंह, संतोषसिंह आदि ग्रामीणों ने कैलावास में आंगनबाड़ी भवन नहीं होने के कारण तालाब के पास शिव मंदिर में संचालित हो रही आंगनबाड़ी पर बच्चों को आने-जाने के लिए खेतों के रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।