पंचायत समिति की बैठक में सदस्य हुए नाराज, एसडीएम के आश्वासन पर माने
जायल. पंचायतसमिति की साधारण सभा में उपस्थित सरपंच जानकारी देते अधिकारी।
भास्कर संवाददाता | जायल
पंचायतसमिति की साधारण सभा के दौरान लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान सदस्यों ने बैठक के शुरू होते ही बैठक में भाग लेने आए जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को बैठक से बाहर कर दिया तथा सदस्यों ने दो टूक कहा कि जिन अधिकारियों के पास पावर ही नहीं, उन्हें बैठक में नहीं आना चाहिए।
बैठक शुरू होते ही पंचायत समिति सदस्य श्रवण बिडियासर ने कहा कि फरड़ौद गांव में लंबे समय से पेयजल समस्या बंजारों की ढाणी टांगली, अड़सिंगा के जीएलआर में पानी की मांग को लेकर जलदाय विभाग के सहायक अभियंता मुहेरसिंह वर्मा के समक्ष बार-बार मुद्दा उठाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस दौरान मुहेरसिंह वर्मा कहने लगे कि इनके द्वारा बताए गए कार्यों के लिए बजट ही नहीं है तथा उनके पावर में नहीं है। इस दौरान सदस्य नाराज हो गए और कहने लगे कि जिनके पास पावर ही नहीं है उन्हें बैठक में आना ही नहीं चाहिए। इस स्थिति में मामला बढ़ गया और आखिर में सहायक अभियंता मुहेरसिंह वर्मा को बैठक से बाहर जाना पड़ा।
बैठक में एसडीएम ने अगले सप्ताह जिला स्तर के अधिकारियों की बैठक पुन: आयोजित करने के आश्वासन के बाद सदस्य माने तथा मामला शांत हुआ। बैठक में विकास अधिकारी अर्चना मौर्या ने भामाशाह सीडिंग, एसडीएम मोहनलाल जाट ने बैंकों में खाते खुलवाने के संबंध में जानकारी दी। प्रधान सुनीता सांगवा ने अधिकारियों को बिजली समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
भामाशाहसीडिंग से हम परेशान
बैठकमें एसडीएम मोहनलाल जाट ने सरपंचों से भामाशाह सीडिंग में सहयोग की मांग रखी। इस दौरान जोचीणा सरपंच पूर्णाराम कहने लगे कि इसके लिए आप सरकारी कार्मिकों को काम की जिम्मेदारी दें। ऐसा उदाहरण भी दिया। जोचीणा में भामाशाह कैंप लगा। ई-मित्र आधार कार्ड मशीन संचालक तकनीकी खराबी दिखा दी। जानकारी लेने पर पता चला कि उन्हें इस काम के नाम मात्र के पैसे मिलते है जिससे दिलचस्पी नहीं ले रहे। इसके लिए सरकारी कार्मिकों को दायित्व सौंपे ताकि काम पूरा हो सके।