143 ग्राम स्मैक और सवा लाख रुपए बरामद
शहरकी जवाहर कॉलोनी में शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे करीब पुलिस ने मकान पर दबिश देकर 143 ग्राम स्मैक, सवा लाख रुपए और तराजू-बांट बरामद किए हैं। लेकिन तस्कर इससे पूर्व भाग निकला। उसे नामजद कर तलाशी शुरू कर दी है।
सीआई सुनील कुमार ने बताया कि जवाहर कॉलोनी में नईम अली उर्फ बबलू चायना स्मैक बैच का धंधा कर रहा है। इस बारे में गोपनीय सूचना मिलने पर साढ़े 10 बजे करीब डीएसपी खुशाल सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में दबिश दी गई। इससे पूर्व आरोपी वहां से भाग निकला।
घर के अंदर आलमारी में रखे डिब्बे में से 143 ग्राम स्मैक, एक लाख 28 हजार रुपए समेत आधा ग्राम से लेकर 50 ग्राम तक के बांट, तराजू, प्लास्टिक की खाली थैलियां और रबड़ बैंड बरामद हुए हैं। इससे लगता है कि आरोपी लंबे समय से इस धंधे में लिप्त था। स्मैक बेचने के आरोपी को नामजद कर तलाश शुरू कर दी है। उसके खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।