होली खेलत आज बनवारी
झालावाड़| स्पिकमैक की विरासत श्रृंखला के तहत युवा बिस्मिल्लाह खान सम्मान से सम्मानित दिल्ली की मोनिसा नायक ने कत्थक नृत्य की शानदार प्रस्तुत बुधवार को महिला शिक्षण विहार में दी। नृत्यांगना ने अपनी शुरुआत शिव पंचाक्षर स्त्रोत से शिव स्तुति से की। इसके बाद शुद्ध नृत्य की प्रस्तुति देते हुए थाट उठान तत्कार और चक्कर के बारे में छात्राओं को अभ्यास करवाया। इसके बाद होली खेलत बनवारी भजन पर नृत्य प्रस्तुत किया। जिला संयोजक सुरेंद्र जैन ने बताया कि मोनिसा ने अपनी शिक्षा गुरु राजेंद्र गंगानी से प्राप्त की। देश विदेश में कई जगह अपनी प्रस्तुतियां दे चुकी मोनिसा दूरदर्शन की ग्रेडेड आर्टिस्ट है। महिला शिक्षण में स्वागत सुंदरी जैन ने नृत्यांगना का स्वागत किया। इसके बाद राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक स्कूल जूनाखेड़ा में नृत्यांगना मोनिसा ने अपने कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी। नृत्यांगना के साथ-साथ उनकी शिष्या महिमा ने भी स्कूल के बच्चों को अपनी प्रस्तुति से छात्र-छात्राओं को आकर्षित किया। इस दौरान स्कूल के बच्चों ने प्रधानाचार्य हेमंत शर्मा के साथ नृत्यांगना को संतरे की पेटी भेंट की।