10 वर्ष के बालक का अपहरण, छूटा
शहरके इमली गेट क्षेत्र से गुरुवार 3 बजे वेन में सवार चार जने दस वर्षीय बालक को अगवा करके निमोदा रोड पर ले गए, लेकिन वह अपनी सूझबूझ से उनके चंगुल से बच निकला।
इस मामले में चार जनों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। शहर के शनि मंदिर के पास निवासी आदिश जैन पुत्र सुनील जैन दोपहर 3 बजे करीब घर से पेन लेने के लिए निकला था। रास्ते में सूर्य मंदिर की तरफ से आई सफेद रंग की वेन में बैठे लोगों ने इमली गेट के पास से बालक को कार में बैठा लिया और उसे निमोदा रोड पर ले गए। रास्ते में छोटी सी दुकान पर कार रुकी तो वे चारों नीचे उतर गए।
इस दौरान बालक ने नीचे उतरकर चिल्लाना शुरू कर दिया। इससे आस-पास के लोग उसकी तरफ आए। इसी दौरान वे लोग थर्मल की तरफ फरार हो गए। इसके बाद बालक ने घर लौटकर परिजन को बताया। वारदात को पता चलने पर लोग एकत्र हो गए। इसके बाद दादा प्रकाश चंद जैन ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। डीएसपी खुशाल सिंह राजपुरोहित ने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने पर झालरापाटन पहुंचा हूं। इसे गंभीरता से लेकर अनुसंधान किया जाएगा।
बालक आदिश ने बताया कि गाड़ी में बिठाते ही उसके मुंह पर रूमाल और रस्सी से हाथ-पैर बांधकर थर्मल रोड़ की तरफ ले गए। गाड़ी में चार नकाबपोश लोग सवार थे। गाड़ी को निमोदा रोड़ पर एक चाय की दुकान पर रोका तभी मौका देखकर कर रूमाल-रस्सी खोलकर शोर मचाना शुरू कर दिया। भीड़ देख अपहरणकर्ता छोड़ भाग गए।
जमीनके पट्टे जारी करने की मांग: रामगंजमंडी. कूकडाखान पर बसे बीपीएल परिवारों ने जमीन के पट्टे जारी करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। इसमें बताया गया कि कूकडा खान पर बसे लोगों को मुख्यमंत्री बीपीएल आवास योजना के लिए ग्राम पंचायत पीपल्दा में जमीन दी गई थी। साथ ही आवास के लिए खातों में रुपए भी डाल दिए गए है, लेकिन इन जमीन के पट्टे नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के छीतरलाल, रामलाल, दुर्गाशंकर, बद्रीलाल, रमेश, मुकेश, रामगोपाल आदि ने शीघ्र पट्टे जारी करने की मांग की है।
बालक आदिश।