बैठक में भवन निर्माण पर चर्चा
झालावाड़| भारतसरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से स्थापित और पंजाब नेशनल बैंक की ओर से संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान झालरापाटन की स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक कलेक्टर बिष्णु चरण मल्लिक की अध्यक्षता में हुई।
इसमें पीएनबी के राजस्थान मंडल प्रमुख और समिति के सह अध्यक्ष पी एन डोगरा भी उपस्थित थे। संस्थान के निदेशक एस सी छीपा ने बताया कि विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसमें प्रमुख रुप से संस्थान ने अपने भवन निर्माण का कार्य तत्काल प्रभाव से प्रारंभ कराने का निर्णय लिया। समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर ने भवन निर्माण की तत्काल अनुमति जारी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षणार्थियों को संस्थान में ही निवास करके प्रशिक्षण पूरा कराने पर जोर दिया।
यहां संस्थान की ओर से 25 प्रकार के स्वरोजगारोन्मुख कार्यों के लिए एक सप्ताह से लेकर 45 दिन तक निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस अवसर पर नाबार्ड डीडीएम अनिल कोतमिरे, एलडीएम महेंद्र सिंह, जीएम डीआईसी जे पी मेवाडा, सेंट वित्तीय साक्षरता केंद्र प्रभारी विजय माहेश्वरी, विशेषज्ञ परामर्शदाता मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ एम एस आचार्य सहित कई ने विचार व्यक्त किए।