पटवारी परीक्षा में नहीं आना चाहिए कोई परेशानी: कलेक्टर
कलेक्टरडा.जितेंद्र कुमार सोनी ने जिले के समस्त प्रशासनिक अधिकारियों तथा पटवारी सीधी भर्ती प्रारंभिक परीक्षा में लगाए गए समन्वयक, उपसमन्वयक, सतर्कता सदस्य, पर्यवेक्षक एवं केन्द्राधीक्षकों काे आव्हान किया है कि आगामी 13 फरवरी को होने वाली पटवारी भर्ती परीक्षा को सही तरीके से करवाएं।
बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में पटवारी सीधी भर्ती प्रारंभिक परीक्षा की अंतिम तैयारियों की समीक्षा के लिए पर्यवेक्षकों, सतर्कता दल सदस्यों तथा उप समन्वयकों की बैठक आयोजित की गई। इसमें निर्देश दिए गए कि सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करें तथा किसी भी हालत में किसी भी व्यक्ति को परीक्षा प्रणाली को बाधित करने में सफल होने दें। नकल के हर प्रयास को रोकने के लिए पहले से ही पूर्ण सावधानी बरतें तथा प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति, डिवाइस अथवा वाहन पर नजर रखें और बोर्ड द्वारा दिए गए निर्देशों की शत प्रतिशत पालना करें। अतिरिक्त कलक्टर एवं परीक्षा समन्वयक खजान सिंह ने बताया कि जिले में 46 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
जिले को 10 जोन में विभक्त करके प्रत्येक जोन में उपसमन्वयक एवं सतर्कता दल लगाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार स्वर्णकार ने बताया कि प्रत्येक केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की गई है एवं महिला पुलिस की भी नियुक्ति की गई है। बैठक में जानकारी दी गई कि जिला स्तर पर जिला नियंत्रण कक्ष एवं झालरापाटन, असनावर, अकलेरा और खानपुर तहसील मुख्यालय पर तहसील नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।