- Hindi News
- पहले जाम लगाया, फिर पुलिस पहरे में बंटी खाद
पहले जाम लगाया, फिर पुलिस पहरे में बंटी खाद
खादकी कालाबाजारी के विरोध में किसानों ने शनिवार को कोटा-सांगोद मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। किसानों ने बताया कि कई दिनों से यहां खाद की किल्लत है। सुबह यहां चार ट्रक खाद पहुंची थी। जानकारी पाकर किसान सुबह से ही प्राइवेट डीलर की दुकान के सामने जमा हो गए।
प्राइवेट डीलर ने एसडीएम के आदेश मिलने के बाद ही खाद बांटने की बात कही, तो किसान बिफर पड़े तथा गांधी चौराहा के समीप हंगामा खड़ा कर दिया। इसके बाद चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। बाद में पुलिस चौकी इंचार्ज जवानों को लेकर मौके पर पहुंचे तथा एसडीएम से बातचीत के बाद खाद बंटवाना शुरू किया।
भारतीयकिसान संघ ने दिया ज्ञापन-भारतीय किसानसंघ तहसील शाखा कनवास के मंत्री गोविंद प्रसाद, जिला जैविक प्रमुख घनश्याम नागर ने खाद मुहैया करवाए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया कि एक ओर सरकार के एक साल पूरा होने पर जश्न मनाया जा रहा है, दूसरी ओर किसानों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
किसानों को खाद तक नहीं मिल रहा है। एसडीएम अंबालाल मीणा ने बताया कि मार्केटिंग सोसायटी कुंदनपुर में खाद की आपूर्ति के बाद वितरण होगी। प्रत्येक जीएसएस तक खाद की आपूर्ति सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सांगोद उपखंड की 29 ग्राम सेवा सहकारी समिति मुख्यालयों तक एक दो दिन में पर्याप्त मात्रा में खाद पहुंचने की उम्मीद है। अब 6000 मीट्रिक टन खाद कोटा जिले को मिलने के राज्य सरकार के फैसले के बाद किल्लत दूर होने की संभावना है।