गेंडौली से कापरेन ग्रामीण सड़कें एमडीआर में क्रमोन्नत
बूंदी जिलेमें गेंडौली को कोटा-लालसोट मेगा हाइवे स्थित कापरेन से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित ग्रामीण सड़कों को समेकित कर मुख्य जिला सड़क में क्रमोन्नत कर दिया गया है। इस सड़क पर बढ़ते वाहनों के दबाव को कम करने और क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए इसका विकास आवश्यक हो गया था। सार्वजनिक निर्माण मंत्री युनूस खान ने बताया कि ग्रामीण सड़क होने और यातायात दबाव के कारण इस सड़क पर वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीयजन और जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इसे क्रमोन्नत किए जाने की मांग काफी समय से की जा रही थी। खान ने बताया कि गेंडौली-झालीजी का बराना-काली तलाई-बोरदामाल-कापरेन ग्रामीण सड़क वर्तमान में राज्य राजमार्ग संख्या 29 पर स्थित गेंडौली को राज्य राजमार्ग 33 पर स्थित कापरेन से जोड़ने के लिए करीब 18 किमी का महत्वपूर्ण मुख्य मार्ग है। यह सड़क गेंडौली (राज्य राजमार्ग 29 पर किमी 64/400) से प्रारंभ होती है और कापरेन मेगा हाईवे पर (राज्य राजमार्ग 33 पर किमी 75/500) पर समाप्त होती है। ऐसे में गेंडौली-झालीजी का बराना-काली तलाई-बोरदामाल-कापरेन (किमी 0/0 से 18/150) क्रमोन्नत कर दिए जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है। मंत्री खान ने बताया कि वर्तमान में गेंडौली से झालीजी का बराना तक छह किमी, झालीजी का बराना से बोरदामाल वाया काली तलाई 8.15 किमी एवं बोरदामाल से कापरेन तक 4 किमी सड़क ग्रामीण श्रेणी की थी। इन सभी कुल 18.15 किमी सड़क को क्रमोन्नत कर एमडीआर श्रेणी में परिवर्तित कर दिया गया।