राजपरिवार की शादी में डायमंड ज्वैलरी नगदी से भरा बैग गायब
बूंदी| राजपरिवारके एक शादी-समारोह में से ज्वैलरी और रुपयों से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग में गले का डायमंड सेट, हाथों और कानों की ज्वैलरी के अलावा करीब 70 हजार रुपए नगद बताए जा रहे हैं।
देर शाम इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी, लेकिन पुलिस ने सूचना मिलने के बाद अपने स्तर पर नाकाबंदी करवाकर पड़ताल शुरू कर दी है। बैग में करीब 80 से 90 लाख के जेवरात होने की बात सामने आई है, लेकिन कोई पुष्टि नहीं हो पाई। डीएसपी भंवरसिंह शेखावत ने बताया कि कापरेन राजघराने के बलभद्र सिंह के पुत्र की शादी में शामिल होने आईं सिंह की समधन (बेटी की सास)मीनासिंह का बैग चोरी होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही सभी थानों को सूचित कर नाकेबंदी करवाई, लेकिन देर शाम तक पुलिस चोरी के आरोपी तक नहीं पहुंच पाई।
{सीसीटीवीमें दिखा बच्चा: ईश्वरीनिवास में हुई चोरी के मामले में पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज में 10-12 साल का एक बच्चा नजर आया। वहां मौजूद मेहमानों से पूछताछ की तो उन्होंने बच्चे को पहचानने से इनकार कर दिया। इस आधार पर पुलिस को बच्चे पर शक है। फिलहाल पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी है। गौरतलब है कि शहर के सब्जीमंडी स्थित अरबन बैंक से भी पिछले साल दिसंबर में दो नाबालिग 90 हजार रुपए लेकर फरार हो गए थे। पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को रुपए लेकर जाते साफ देखा गया था। पुलिस उनको भी नहीं पकड़ पाई है।
कलेक्ट्रेट आवास से सटा ईश्वरी निवास जहां चोरी की वारदात हुई।