डांग क्षेत्र के गांवों का होगा कायाकल्प
पंचायत समिति करौली की प्रधान ने संभाला कार्यभार
कार्यालयसंवाददाता| करौली
पंसकरौली की नवनिर्वाचित प्रधान इंदुदेवी जाटव ने कहा कि डांग क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के संपूर्ण विकास के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की जाएगी। जनसमस्याओं का प्राथमिकता से समाधान और मूलभूत सुविधाओं के लिए अपेक्षित विकास कार्य कराकर डांग के गांवों का कायाकल्प होगा। यह बात प्रधान इंदुदेवी ने बुधवार को पंस कार्यालय में प्रधान पद का चार्ज संभालने के बाद मीडिया से चर्चा में कही।
प्रधान जाटव ने कहा कि वे पूरी ईमानदारी विश्वास के साथ पद कर्त्तव्य का निर्वहन करेंगी। मिलजुलकर विकास कार्य और क्षेत्र की समस्या समाधान पर फोकस रहेगा। पंचायत समिति कार्यालय में बेहतर माहौल बनाने के साथ ही मॉनिटरिंग पद्धति लागू की जाएगी। बिजली,पानी,सड़क शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से महरूम गांवों को चिन्हित कर जनसमस्याओं का समय पर निपटारा करना और सरकार की संचालित जनकल्याणकारी विकास की योजनाओं का सही ढंग से क्रियांवयन किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए विकास में जनभागीदारी बढ़ाने और जनप्रतिनिधियों की जबावदेही सुनिश्चित करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पंस सदस्यों के साथ वे जन अभाव-अभियोग सुनने के लिए गांव और ढाणियों का दौरा करेंगी और विकास के लिए एजेंडा तैयार कर मूर्तरूप दिया जाएगा। पं.लक्ष्मीनारायण शास्त्री ने पूजा-अर्चना के साथ प्रधान इंदुदेवी को पदभार ग्रहण कराया। कार्यभार ग्रहण और कुर्सी पर बैठने से पहले इंदुदेवी को रिश्तेदार-परिजनों ने माला पहनाकर मिठाई खिलाई तथा समर्थक भाजपाईयों ने पुष्पवर्षा कर खुशी का इजहार किया। प्रधान इंदुदेवी ने कुर्सी संभालने से पहले ससुर प्रकाशचंद के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और कुर्सी को नतमस्तक प्रणाम किया। इस मौके पर भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, वीरेंद्र मित्तल,भाजयुमो जिलाध्यक्ष एडवोकेट धीरेंद्र सिंह बैंसला,जीतू जाटव, बृजभूषण शर्मा उर्फ पिच्चू,अशोक शर्मा जेईएएन,अरविंद प्रबोध कौशिक, लव कुमार एडवोकेट, इमामुद्दीन खान, कयाम खान के अलावा स्टाफकर्मी मौजूद थे।
कुर्सीसंभालने का अनूठा संयोग : नवनिर्वाचितप्रधान इंदुदेवी के पदभार ग्रहण कुर्सी संभालने का अनूठा अजीब संयोग बना। इंदुदेवी ने शुभमुहूर्त 11 फरवरी (बुधवार) को प्रात: 11 बजकर 11 मिनट 11 सेकेंड पर 11 वें प्रधान पद का चार्ज लिया।