जर्जर सड़क से राह हुई मुश्किल
कार्यालय संवाददाता | हिंडौन सिटी
महवामार्ग के 220 केवी बिजली स्टेशन से मंडी यार्ड को जाने वाली सड़क की हालत जर्जर होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क में जगह-जगह गड्ढों से वाहन चालकों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। जिला परिषद सदस्य भूपेन्द्र सिंह सोलंकी ने इस संबंध में मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क का निर्माण करवाए जाने की मांग की है।
जिला परिषद सदस्य भूपेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि 220 केवी बिजली स्टेशन से मंडी यार्ड और बाईपास मार्ग को जाने वाली सड़क का निर्माण आरएसआरडीसी की ओर से जानबूझकर नहीं किया गया और पीडब्ल्यूडी के स्थानीय अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे है। इससे इस मार्ग के राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोलंकी ने बताया कि इस मार्ग पर मंडी यार्ड आने वाले किसानों का आवागमन काफी संख्या में बना रहता है। इसके बाद भी आरएसआरडीसी की ओर से सड़क निर्माण की कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं का कहना रहा कि महवा से करौली तक सड़क मार्ग आरएसआरडीसी के अधीन है। इस कारण इस सड़क का निर्माण आरएसआरडीसी की ओर से ही होगा। दूसरी ओर आरएसआरडीसी के अधिकारियों का कहना रहा कि द्वितीय चरण में शेष रहे कार्य को पूरा करा जाएगा।
हिंडौन सिटी. 220केवी बिजली स्टेशन से मंडी यार्ड को जाने वाली सड़क की जर्जर हालत।