कैलादेवी को 251 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई
सुखदेव डागुर/धनुर्धर शर्मा | करौली/कैलादेवी
बेटीबचाओ, देश बचाओ की जागरूकता का संदेश देने के लिए रविवार को कैला मां के श्री चरणों में 251 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई गई। गांव अतेवा से प्रात: 11 बजे गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई भव्य चुनरी यात्रा से कैलादेवी तक सात किमी दूरी के मार्ग में करीब चार घंटे तक धार्मिक आस्था श्रद्धा की बयार बही। कैला मैया के जयकारे लांगुरिया गीतों की गूंज तथा बिटिया बचाने की सौगंध के प्रेरणास्पद कार्यक्रम में चुनरी को हाथ लगाने के लिए यात्रा में हजारों की भीड़ उमडी़। चुनरी यात्रा की रवानगी मुख्य अतिथि सांसद डॉ.मनोज राजौरिया संत मौनी बाबा ने संयुक्त रूप से की।
सांध्य चिराग संस्था के तत्वावधान में गांव अतेवा से रविवार को राजस्थान की ऐतिहासिक कैला मां की 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा को संयोजक गोपेश शर्मा संत मौनी बाबा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराकर रवाना किया।
यात्रा की रवानगी से पहले गांव अतेवा में मुख्य अतिथि सांसद डॉ.मनोज राजौरिया ने 251 मीटर लंबी चुनरिया के नीचे बिटिया बचाने की हजारों महिला-पुरूषों को सौगंध दिलाई। सांसद ने चुनरी यात्रा में शामिल हुए हजारों लोगों को कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बेटी बचाओ-देश बचाओ की जारूकता के साथ-साथ दुर्व्यसनों का त्याग करने का भी संकल्प दिलाया। ग्रामीणों ने मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार लगाकर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
मंदिर परिसर में यात्रा के पहुंचने पर ट्रस्ट प्रबंधक महेशचंद शर्मा, मंदिर प्रभारी मानसिंह, विशेषाधिकारी महादेव सिंह दांतली, सुरक्षा सुपरवाईजर विजयराज आदि ने पुष्प वर्षा कर अगुवानी की और मंदिर में कैला मां को चुनरी चढ़ाई।
चुनरी यात्रा के संयोजक गोपेश शर्मा ने बताया कि बेटी बचाओ, देश बचाओ, आपसी भाईचारा कायम करने के लिए संस्था द्वारा शुरू की गई कैला मां की चुनरी यात्रा में प्रथम वर्ष 101 मीटर लंबी चुनरी कैला मां पर चढ़ाई गई। गत वर्ष लोगों के उत्साह उमंग को देखते हुए बढ़ाकर 151 मीटर किया, इस बार प्रदेश की ऐतिहासिक अनूठी चुनरी यात्रा बनाने के लिए 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली गई।
कैलादेवी. गांवअतेवा से बेटी-बचाओ,देश-बचाओ की जागरूकता के लिए कैलादेवी को चढ़ाई गई 251 मीटर लंबी चुनरी। यात्रा में सांसद डॉ.मनोज राजौरिया सहित आसपास के हजारों लोग शरीक हुए।