निराश्रित बालगृह के 3 बच्चों का अपहरण
कार्यालय संवाददाता | हिंडौन सिटी
वर्धमाननगरमें संचालित एक निराश्रित बालगृह में रह रहे तीन बच्चों के अपहरण का केस थाने में बुधवार दर्ज हुआ है। ये तीनों बच्चे बालगृह से पढ़ने के लिए स्कूल गए हुए थे। मामले में पुलिस जांच कर अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
थानाप्रभारी कैलाश जिंदल ने बताया कि राधास्वामी सोसायटी जयपुर की ओर से वर्धमाननगर मंे निराश्रित बालगृह संचालित है। इस बालगृह में 20 बच्चे रह रहे हैं। इन बच्चों के लिए सुबह चाय-नाश्ता और दोपहर सायं को भोजन की नि:शुल्क सुविधा के साथ पढ़ाई की भी नि:शुल्क व्यवस्था की हुई है। इस निराश्रित बालगृह की संचालिका सुमन राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दो दिन पहले 22 सितंबर को सुबह करीब 9:45 बजे अन्य दिनों की भांति बालक खेड़ीशीश निवासी सोनू पुत्र प्रकाश मीणा, भुकरावली निवासी नीरज पुत्र स्व. मुकेश मीणा और करौली के परीता निवासी रोहिताश्व मीणा पुत्र स्व. जनकराम मीणा बालगृह से खाना खाकर स्कूल के बस्तांे को लेकर अन्य बच्चों के साथ पास के शांतिनिकेतन विद्यालय में पढ़ने गए थे। जब अन्य बच्चे पढ़कर सायं को स्कूल से आए तो उन्होंने बताया कि सोनू, नीरज और रोहिताश्व स्कूल नहीं गए। इस पर बच्चों को आसपास रेलवे स्टेशन पर तलाश किया गया।
बाद में इन बच्चों के परिजनों को सूचना दी गई। इसके अलावा बाल अधिकारिता विभाग करौली के सहायक निदेशक को भी दूरभाष पर अवगत कराया गया। इसके बाद अपहरण की संभावना मानते हुए थाने में केस दर्ज कराया।
थानाप्रभारी ने बताया कि बालक नीरज की मां फूलंती देवी ने पुलिस को पूछताछ में जानकारी दी है कि उनका पुत्र नीरज पूर्व में भी घर से चला गया था। जो पंजाब, अंबाला, फिरोजपुर आदि में घूमने के बाद एक भंडारे में भोजन करता हुआ मिला। इस आधार पर पुलिस इन तीनों बालकांे को तलाश कर अग्रिम कार्रवाई कर रही है।