अब चोरों पर नकेल कसेंगे सीपीओ
हिंडौन सिटी | शहरमें आए दिन हो रही चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए जनसहभागिता के आधार पर सिटी पुलिस ऑफिसर (सीपीओ) लगाए जाएंगे। इन सीपीओ को दिए जाने वाला मानदेय संबंधित बाजार के व्यापारियों से मासिक एकत्र किया जाएगा। यह निर्णय मंगलवार को कोतवाली में हुई सीएलजी की बैठक में लिया गया।
थानाप्रभारी मानसिंह चौधरी ने व्यापारियों और सीएलजी सदस्यों को बताया कि रात्रि गश्त के साथ सीपीओ भी दुकानों की चौकसी का कार्य करेंगे। करौली जिले में यह पहला प्रयास है। जनसहभागिता के आधार पर प्रत्येक सीपीओ को हर बाजार से 5 हजार रुपए मासिक दिए जाएंगे। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि सीपीओ की ओर से किए जाने वाली चौकसी के कार्य पर निगरानी कैसे रखी जाएगी। इस पर बताया कि सीएलजी सदस्यों के साथ पुलिस जवान व्यापारी समय-समय पर निरीक्षण कर सीपीओ पर चौकसी रखेंगे। शिकायत मिलने पर सीपीओ पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तय किया गया कि पुरानी अनाज मंडी, डैम्परोड, सर्राफा बाजार, बयाना मोड़, मंडावरा रोड, चूड़ी मार्केट मोहन नगर क्षेत्रों में सीपीओ तैनात किए जाएंगे। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि रीको क्षेत्र में वारदातें बढ़ रही हैं। कुछ दुकानदार शरारती तत्वों को संरक्षण देते हैं। रीको क्षेत्र में निजी 18 सुरक्षा गार्ड लगाए हुए हैं। इनकी सूची पुलिस को देनी चाहिए। कोली समाज की अपहृत बालिका की बरामदगी के मामले में बताया गया कि पुलिस बालिका को तलाशने में जुटी हुई है। बालिका की बरामदगी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है। बैठक में शहर के सिनेमाघर में चलने वाली अश्लील फिल्मों के पोस्टर सार्वजनिक रूप से चस्पा नहीं करने देने का निर्णय किया गया। बैठक में थानाप्रभारी मानसिंह चौधरी के साथ डीएसपी शिवभगवान गोदारा, तहसीलदार ज्ञानचंद जैमन, यातायात प्रभारी लेखराज, नगर परिषद के आयुक्त जीतेंद्र शर्मा, नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार, पीडब्ल्यूडी के एईएन रामराज सिंह, पूर्व चेयरमैन भगवानसहाय शर्मा, अजय मित्तल, गोपाल शर्मा आदि मौजूद थे।
हिंडौन सिटी . कोतवालीमें सीएलजी सदस्यों की बैठक लेते डीएसपी थानाप्रभारी।