पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • महिलाओं का फूटा गुस्सा, कलेक्ट्रेट में मटके फोड़े

महिलाओं का फूटा गुस्सा, कलेक्ट्रेट में मटके फोड़े

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
करौली। शहर में व्याप्त पेयजल समस्या से त्रस्त लोगों का गुस्सा अब परवान चढ़ने लगा है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी कई मोहल्ले की महिलाओं ने पीएचईडी कलेक्ट्रेट में पानी की मांग पर मटकियां फोड़कर प्रदर्शन किया।
वहीं जिला प्रशासन को नकारा बताते हुए अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए भड़ास निकाली। साथ ही चार दिन में पेयजल समस्या का समाधान नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी का ज्ञापन कलेक्टर के नाम उनके निजी सचिव को सौंपा।

नगर परिषद के वार्ड 8 के पार्षद मांगीलाल कांग्रेस नेता लज्जाराम वर्मा के नेतृत्व में कई कॉलोनियों की महिला पुरुष पेयजल की मांग पर पीएचईडी कार्यालय पहुंचे। वहां सुनवाई नहीं होने पर नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और गुस्सा जाहिर किया। कलेक्टर एडीएम के नहीं मिलने पर पानी की समस्या से त्रस्त महिलाओं ने प्रशासन पर नारेबाजी की जमकर आग उगली। महिलाओं ने प्रशासन पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को नकारा बताया। साथ ही खाली बर्तनों को बजाकर मटकियां फोड़कर विरोध जताया।

ज्ञापन में कहा है कि शहर के शिकारगंज, नथुआनगर, हाफिज कॉलोनी, आदर्श नगर सहित कई मोहल्लों में एक माह से पेयजल सप्लाई ठप है, जबकि मोहल्लेवासी कई बार प्रशासन जलदाय विभाग के अभियंताओं को पेयजल समस्या से अवगत करा चुके हैं। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ने के साथ ही प्रशासन के नाराजगी है।
महिलाओं ने बताया कि पिछले महीनेभर से कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति नहीं होने से मजबूरन निजी बोरिंगों से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन नाकामी छुपाते हुए मार्ग में सड़क निर्माण का कार्य संचालित होने का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से बचता है। गाैरतलब है कि सोमवार को महिलाओं के उग्र प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में मंगलवार को पुलिस बल तैनात कर दिया।
मंगलवार को जब आक्रोशित महिलाएं पेयजल के लिए कलेक्ट्रेट में मटका फोड़कर प्रदर्शन कर रही थीं, तो पुलिस जवान पूरी नजर रखे हुए थे। इस दौरान ज्ञापन देने आए महिला-पुरुषों के नाम भी लिखे गए।

महिलाओं के साथ आए कांग्रेस नेता लज्जाराम वर्मा ने कहा कि प्रशासन मूक बनकर समस्याओं से किनारा कर रहा है। आमजन बिजली, पानी की समस्या से त्रस्त है। नगर परिषद आयुक्त पीएचईडी विभाग सुनवाई को ही तैयार नहीं है।
लंबे अर्से से परेशान लोगों की चार दिन में अगर पानी नहीं मिला तो जनाक्रोश होगा। वहीं कॉलोनीवासियों को मजबूरन चक्काजाम तथा अन्य आंदोलनात्मक कार्रवाई करनी पड़ेगी। इस मौके पर विजय, प्रकाश, गिर्राज माली, मुकेशचंद, भरोसी, बाबूलाल, प्रीतम, प्रकाश सैनी, अंजो, किरणबाई, मीरा, श्रीबाई, सुखबाई, सोनदेई, रेखा, गीता वीरवती आदि मौजूद थे।

करौली. पीएचईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करती शिकारगंज क्षेत्र की महिलाएं।