करौली। जिला अस्पताल में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे गंभीर रूप से बीमार महिला को ऑक्सीजन सिलेंडर लगाते समय सिलेंडर का एयर वॉल्यूम कंट्रोल तेज आवाज के साथ खुल गया। इससे वार्ड में अफरा तफरी मच गई और मरीज उसके परिजन वहां से भाग छूटे।
अस्पताल में सिलेंडर फटने की सूचना पर पीएमओ सहित चिकित्सा स्टाफ वार्ड की ओर भागा, लेकिन मामला सामान्य निकला तो चिकित्साकर्मियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान बीमार महिला सिंघनिया निवासी सीता प|ी महेश माली को भी दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन वहां कुछ देर बाद ही महिला ने दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला मेडिकल वार्ड में चिकित्साकर्मी एक मरीज को ऑक्सीजन गैस सिलेंडर लगा रहे थे। इस दौरान एयर वॉल्यूम कंट्रोल खुल गया। तेज आवाज होने पर वार्ड में भर्ती मरीज सिलेंडर फटने की आशंका से बेड छोड़कर भाग निकले।
अस्पताल में सिलेेंडर फटने की सूचना पर पीएमओ डॉ. आरएल कोली अन्य चिकित्साकर्मी वार्ड की तरफ भागे। वहीं चिकित्सालय से दमकल केंद्र पर अस्पताल में आग की सूचना दे दी। सूचना पर दमकल चिकित्सालय पहुंची, लेकिन वहां सिलेंडर फटने या अन्य कोई बड़ी अनहोनी नहीं होने से चिकित्साकर्मियों ने राहत की सांस ली और दमकल को वापस भेज दिया।
इसी दौरान वार्ड में भर्ती महिला सीता की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्साकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया, लेकिन पुलिस चिकित्साकर्मियों के समझाने पर परिजन शांत हो गए और बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को ले गए।
सीरियस कंडीशन में थी महिला
महिला को परिजन गंभीर हालत में अस्पताल लाए थे। उसकी हालत इतनी गंभीर थी कि तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इस दौरान परिजनों ने कुछ देर हंगामा किया, लेकिन महिला की गंभीर स्थिति को समझते हुए वे शांत हो गए। -डॉ.आरएल कोली, पीएमओ
करौली. जिला अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की सूचना पर पहुंची दमकल।