- Hindi News
- क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कराना ही प्रयास
क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कराना ही प्रयास
सुखदेव डागुर | करौली
पंचायतसमिति करौली की नवनिर्वाचित प्रधान इंदू देवी जाटव ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं से महरूम डांग इलाके की ग्राम पंचायतों में ईमानदारी के साथ चहुंमुखी विकास के लिए विशेष कार्य योजना बनाई जाएगी। गांव-ढाणियों में व्याप्त जनसमस्याओं का समाधान और विकास के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं से सभी पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। जाटव ने यह बात निर्वाचन के बाद भास्कर से विशेष वार्ता में कही।
प्रधान इंदू देवी ने कहा कि पिछड़े क्षेत्र विशेष के गांवों में विकास की दरकार को पूरा करने के लिए सरकार से भी विशेष पैकेज लाने का प्रयास करूंगी। क्षेत्र का समुचित विकास और जनसमस्याओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के तौर पर निराकरण करना ही प्राथमिकता रहेगी। केंद्र राज्य सरकार की संचालित विकास जनकल्याणकारी योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन पर जोर रहेगा। योजनाओं की प्रगति क्रियान्विति की समय-समय पर समीक्षा के लिए मॉनिटरिंग पद्धति लागू की जाएगी। योजना प्रभारियों की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार पंचायती राज के जनप्रतिनिधियों को धरातल पर हुए कार्यों की वास्तविक रिपोर्ट मांगी जाएगी। किसी भी कार्य में कोताही ढिलाई बर्दाश्त नहीं करने की हिदायत के साथ पंचायत समिति कार्यालय में बेहतर माहौल बनाने की बात कही। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के सवाल पर कहा कि प्रधान का पदभार संभालने के बाद बैठक ली जाएगी। किसी योजना या अन्य स्तर पर यदि भ्रष्टाचार नजर आएगा तो बिल्कुल उचित कार्रवाई की जाएगी।
राजनीति की दहलीज पर कदम रखते ही पंचायती सियासत की सिरमौर बनने में किस्मत की धनी युवा महिला उच्च शिक्षित इंदू देवी जाटव ने कहा कि देहात में व्याप्त समस्याओं के समाधान के साथ ही विकास के लिए एजेंडा तैयार करूंगी। सभी को साथ लेकर सरकार की मंशानुरूप कार्य करना ही प्राथमिकता रहेगी। मैं स्वयं ग्रामीण परिक्षेत्र से हूं, इसलिए जायज है कि गांवों में व्याप्त पानी,बिजली,सड़क शिक्षा जैसी कमियों को दूर करने में कोई कसर नहीं छोडूंगी। गांव नारायणा-खेडिय़ा के पंस वार्ड 20 में चुनाव के दौरान ग्रामीणों से जो वायदे किए हैं,उन पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगी। राजनीति में पहली बार कदम रखने के साथ ही प्रधान पद पर ताजपोशी होना उनके परिवार के लोगों के लिए सुखद पहलू है। ईमानदारी के साथ विकास और गांवों की समस्याओं का समाधान करने पर ही उनका जोर रहेगा।
गौरतलब है कि पंस करौली में पहली बार भाजपा की प्रधान बनने का गौरव भी उन्हें मिला है। इस जीत का श्रेय भाजपाइयों के साथ वार्ड क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद बताते हुए सभी का धन्यवाद आभार ज्ञापित किया।
शिक्षामहिला सशक्तिकरण जरूरी
नवनिर्वाचितप्रधान इंदू देवी ने कहा कि हर व्यक्ति को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए शिक्षा जरूरी है। शिक्षा की अनिवार्यता के महत्व और महिला सशक्तिकरण के हित में विशेष कार्य किया जाएगा। हर व्यक्ति अपने हित अधिकारों के प्रति जागरूक तभी हो सकता है, जब वह शिक्षित होगा। वहीं समाज में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए जागरूकता के साथ-साथ निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के साथ मिलजुलकर कार्य किया जाएगा।
बुगडारकी माटी में जन्मी बेटी
डांगइलाके के गांव बुगडार की माटी में कई भाग्यशाली बेटी जन्मी हैं। बुगडार गांव में जन्मीं नवनिर्वाचित प्रधान इंदू देवी को करौली पंस में भाजपा की पहली प्रधान बनने का गौरव हासिल हुआ है। वहीं इससे पूर्व बुगडार की बेटी राजकुमारी जाटव सवाईमाधोपुर जिला प्रमुख रहने के बाद अब हिंडौन की विधायक हैं। इसी गांव की बेटियों के दो पुत्रों में कुलदीप चौधरी का इसी साल आईएएस में चयन हुआ है और बृजेश कुमार का आरजेएस में चयन हुआ है।