- Hindi News
- ईमानदारी िवश्वास के साथ काम करूंगा : अभय कुमार
ईमानदारी िवश्वास के साथ काम करूंगा : अभय कुमार
नवनिर्वाचितजिला प्रमुख अभयकुमार मीना ने कहा कि पूरी ईमानदारी विश्वास के साथ काम करूंगा। हर युवा को आगे लाने के साथ ही समस्या समाधान और विकास कार्य कराना ही प्राथमिकता रहेगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सोमवार को मीना ने कहा कि जिला परिषद में अच्छा माहौल बनाने के साथ ही मिलजुलकर जनसमस्याओं का निपटारा करना और सरकार की संचालित जनकल्याणकारी विकास की योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन कराऊंगा। मुख्यतया बिजली,पानी,सड़क शिक्षा के साथ ही डांग विकास पर विशेष फोकस रहेगा। विकास के लिए एजेंडा कार्यनीति तय कर जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। सीनियर लीडरों से सलाह-मशविरा कर जिले में अपेक्षित चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। उन्होंने अपना पसंदीदा नेता पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट को बताया। राजनीति में पहली बार कदम बढ़ाने पर जिले के शीर्ष पद पर पहुंचने के श्रेय के सवाल पर आमजन का आशीर्वाद बताया। इससे पहले कभी कोई चुनाव तो नहीं लड़ा,मगर यूथ कांग्रेस में मांगेपुरा ग्राम पंचायत का अध्यक्ष रहने की बात कही।
जिला प्रमुख मीना ने कहा कि विशेषकर युवाओं को जाग्रत कर विकास में सहभागी बनाने पर ही विशेष जाेर दूंगा। इसके लिए गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर समस्याओं को चिन्हित करूंगा,साथ ही धरातल में विकास की योजनाओं का परिणाम भी आंका जाएगा। युवाओं की टीम खड़ी कर गांव ढाणियों की समस्याओं के समाधान और अपेक्षित विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने जिला प्रमुख पद पर जीत के लिए सर्व समाज और संगठन के पदाधिकारी,कार्यकर्ता जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद भी प्रकट किया।
इससे पूर्व नवनिर्वाचित जिला प्रमुख अभय कुमार मीना ने सोमवार को जिला परिषद में पदभार संभाल लिया। पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना करवाकर मीना को जिला प्रमुख की कुर्सी पर बैठाया। इस दौरान करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर जिप सीईओ शमसुद्दीन खान भी उपस्थित थे।
पं.मुरारी शरण मुद्गल राजकुमार शर्मा ने नये जिला प्रमुख अभयकुमार मीना को कुर्सी संभलवाने से पहले जिला प्रमुख कक्ष में श्री मदनमोहनजी महाराज की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई। शुभ मुहूर्त के अनुसार मीना ने पूजा-अर्चना के बाद जिला प्रमुख की कुर्सी पर बैठकर पदभार संभाला। वहीं जिप सीईओ शमसुद्दीन खान ने जिला प्रमुख से पद जॉइन लेटर पर हस्ताक्षर कराकर माला पहनाते हुए कार्यभार ग्रहण कराया। करौली विधायक दर्शनसिंह गुर्जर ने मीना को माला पहनाई तथा मिठाई खिलाकर जिला प्रमुख का पदभार संभालने की बधाई दी।
इस मौके पर विधायक दर्शनसिंह गुर्जर, सुरेश मीना,महोली के पूर्व सरपंच अनिल शर्मा, मदनमोहन लवानिया, बांके हरदैनियां, प्रकाश भगत, अनिल शर्मा मेडिकल, अब्दुल जलील खान एडवोकेट, पंडित राजेंद्र शर्मा, नवल किशोर शर्मा एडवोकेट,बली खान,रूपसिंह मीना,सिंगार सिंह सहित कई कांग्रेसी नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य उपस्थित थे।
करौली. नवनिर्वाचितजिला प्रमुख अभय कुमार मीना पदभार संभालने के लिए हस्ताक्षर करते हुए। जिला परिषद सीईओ शमसुद्दीन खान ने कार्यभार ग्रहण कराया।